नई दिल्ली:- कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने सोमवार को संसद पहुंचते समय फिलिस्तीन के समर्थन में एक खास हैंडबैग लेकर राजनीतिक चर्चा छेड़ दी। उनके बैग पर “Palestine” लिखा हुआ था जिसे फिलिस्तीन के लोगों के प्रति समर्थन और एकजुटता का प्रतीक माना जा रहा है। प्रियंका गांधी ने कहा कि उनका यह कदम फिलिस्तीन के संघर्षरत लोगों के प्रति सहानुभूति और समर्थन दर्शाने के लिए है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मानवीय अधिकारों और न्याय का समर्थन करना किसी भी लोकतांत्रिक समाज का अहम कर्तव्य है।
बीजेपी नेता और सांसद संबित पात्रा ने इस पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा गांधी परिवार हमेशा से तुष्टीकरण की राजनीति करता रहा है। प्रियंका गांधी का यह फिलिस्तीन बैग उसी तुष्टीकरण का प्रतीक है। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह देशहित से अधिक वोट बैंक की राजनीति करती है।
प्रियंका गांधी का यह कदम संसद में चर्चा का मुद्दा बन गया। कुछ सांसदों ने इसे मानवता के समर्थन का संकेत बताया तो कुछ ने इसे राजनीतिक दिखावा करार दिया।
विशेषज्ञों का मानना है कि प्रियंका गांधी का यह कदम फिलिस्तीन मुद्दे पर भारत के रुख को लेकर ध्यान आकर्षित करने का प्रयास हो सकता है। यह भी कहा जा रहा है कि यह आने वाले चुनावों में कांग्रेस की रणनीति का हिस्सा हो सकता है।