महाराष्ट्र (मुंबई):- महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में महायुति की शानदार जीत ने भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस को तीसरी बार मुख्यमंत्री पद पर आसीन कर दिया। चुनाव परिणामों के बाद फडणवीस ने खुलासा किया कि महायुति की जीत में हिंदुत्व की भूमिका अहम रही। उनका मानना है कि जवाबी ध्रुवीकरण ने चुनाव में महायुति को सफलता दिलाई।
फडणवीस ने एक साक्षात्कार में कहा हिंदुत्व और विकास दो अलग-अलग बातें नहीं हैं बल्कि ये एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। भाजपा का हिंदुत्व जीवन जीने का तरीका है जो लोगों को एकजुट करने में मदद करता है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि विपक्षी गठबंधन महा विकास अघाड़ी (MVA) ने मुस्लिम समुदाय के कुछ नेताओं के साथ समझौता किया था जिसके तहत 2012 से मुसलमानों के खिलाफ दंगे मामलों को वापस लेने पर सहमति बनी थी। फडणवीस का कहना था कि कांग्रेस ने हिंदू समाज को दबाने की कोशिश की थी लेकिन जब आप किसी समुदाय को दबाने की कोशिश करते हैं तो वह मजबूती से उभरकर सामने आता है। उन्होंने कहा कि यही महायुति की जीत का असली कारण है।
फडणवीस ने इस बात पर जोर दिया कि हिंदुत्व का समर्थन करने वालों ने विधानसभा चुनाव में भाजपा को समर्थन दिया जिससे महायुति को बंपर जीत मिली। उन्होंने कहा हिंदुत्व का मतलब सिर्फ धार्मिक आस्था नहीं है बल्कि यह भारतीय संस्कृति और समाज की रक्षा करने का एक तरीका है। इस जीत ने महायुति को महाराष्ट्र की राजनीति में एक महत्वपूर्ण स्थान दिलाया है और फडणवीस को राज्य के मुख्यमंत्री के रूप में तीसरी बार सत्ता संभालने का अवसर मिला है।