Dastak Hindustan

ठण्ड ने बदला अपना रूख

मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश):-आईएमडी पर उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार शुक्रवार को प्रदेश में 7.4 डिग्री के साथ मुजफ्फरनगर सबसे ज्यादा ठंडा रहा। वहीं बरेली प्रदेश में दूसरा सबसे ठंडा जिला रहा। सीजन में पहली बार बरेली का तापमान नौ डिग्री के नीचे चला गया। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री दर्ज किया गया। दिसंबर का दूसरा हफ्ता भी बीतने को है। उसके बाद भी अभी तक सर्दी ने लोगों को ज्यादा परेशान नहीं किया था। गुरुवार रात से मौसम में सर्दी का अहसास बढ़ गया। सुबह हल्के कोहरे ने लोगों का स्वागत किया। घर से बाहर निकले लोगों का सामना पहाड़ों से आ रही बर्फीली हवा से हुआ। दिन में धूप खिलने के बाद भी सर्द अहसास जारी रहा। सीजन में पहली बार ऐसा लगा कि वास्तव में ठंड आ गई है। दिन भर लोग धूप सेंकते हुए नजर आए। सूरज ढलने के बाद सर्दी का असली सितम शुरू हो गया। ठंड ने लोगों को गर्म कपड़ों में लिपटे रहने को मजबूर कर दिया। पहाड़ों पर हुई बर्फबारी को पारे में गिरावट का प्रमुख कारण माना जा रहा है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान दशमलव चार डिग्री गिरकर 23 डिग्री रहा। यह सामान्य से 1.5 डिग्री कम है। वहीं न्यूनतम तापमान 1.9 डिग्री की गिरावट के साथ  8.4 डिग्री रहा। मौसम विभाग ने अगले तीन दिन सुबह धुंध रहने की संभावना जताई है। धूप निकलने के बाद भी तापमान में गिरावट होगी।

शेयर करे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *