नई दिल्ली :- शनिवार को आधार कार्ड होल्डर्स के लिए एक महत्वपूर्ण अपडेट आया है। आधार कार्ड को मुफ्त में अपडेट कराने की डेडलाइन को यूनिक आइडेंटिफिकेशन अथॉरिटी ऑफ इंडिया (UIDAI) ने बढ़ा दिया है। अब आप 14 दिसंबर 2024 तक अपने आधार कार्ड को बिना किसी शुल्क के अपडेट करवा सकते हैं। पहले यह डेडलाइन आज समाप्त हो रही थी, किन्तु अथॉरिटी ने इसे 3 महीने के लिए बढ़ाने का फैसला किया है।
UIDAI ने 10 वर्षों से पुराने आधार कार्ड को मुफ्त में अपडेट कराने की सुविधा प्रदान की है, तथा इसकी डेडलाइन आज खत्म हो रही थी, जिसे अब आगे बढ़ा दिया गया है। पहले इसे 14 मार्च से बढ़ाकर 14 जून 2024 कर दिया गया था, तथा इसके बाद इसे 14 सितंबर तक बढ़ाया गया था। शनिवार को एक और विस्तार करते हुए, UIDAI ने इसे 14 दिसंबर 2024 तक मुफ्त में कराने की सुविधा प्रदान की है। यह जानकारी UIDAI ने सोशल मीडिया पर साझा की है तथा एक्स पर पोस्ट की है। डेडलाइन समाप्त होने के पश्चात्, आधार कार्ड को अपडेट करने के लिए आपको UIDAI द्वारा तय चार्ज देना होगा, जो 50 रुपये होगा। ध्यान देने योग्य बात यह है कि UIDAI द्वारा दी जा रही मुफ्त आधार कार्ड अपडेट सेवा केवल myAadhaar Portal पर उपलब्ध है।