दिसपुर (असम):- असम के नगांव जिले के धींग में गैंगरेप के मुख्य आरोपी ने पुलिस हिरासत से भागकर तालाब में छलांग लगा दी और उसकी मौत हो गई। उसको शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया था। उसकी पहचान तफजुल इस्लाम के तौर पर हुई थी। गुरुवार को ट्यूशन क्लास से घर लौट रही नाबालिग लड़की के साथ वह गैंगरेप में शामिल एक आरोपी था। बाकी दो अभी फरार हैं।
पुलिस ने दावा किया कि पूछताछ के बाद इस्लाम को शनिवार को करीब तीन बजे क्राइम सीन पर ले जाया गया था। वह हथकड़ी लगे हुए ही तालाब में कूद गया। नागांव के एसपी स्वप्नवील डेका ने बताया कि हमने इलाके की घेराबंदी की और स्टेट डिजास्टर रिलीफ फोर्स को बुलाया। इसके बाद उन्होंने शव को बरामद किया। इसमें कांस्टेबल के हाथ में भी चोट लग गई है।
पूरे शहर में था गुस्सा
जब इंडियन एक्सप्रेस ने सवाल किया कि आरोपी को उस समय क्राइम सीन पर क्यों ले जाया गया, तो डेका ने कहा कि ऐसा इसलिए किया गया क्योंकि शुक्रवार को पूरे दिन विरोध प्रदर्शनों की वजह से शहर गुस्से में था। रेप के बाद शहर में सैकड़ों स्थानीय लोग सड़क पर उतर आए और आरोपियों के खिलाफ सजा की मांग करने लगे।
डेका ने आगे कहा पुलिस स्टेशन को प्रदर्शनकारियों ने रात 11:30 बजे तक बंद रखा था। हमें अनुमान था कि शनिवार को भी विरोध प्रदर्शन होंगे, इसलिए रात का समय आरोपी को पहचान के लिए ले जाने और बाकी आरोपियों की तलाश में उनके घर पर छापा मारने के लिए बिल्कुल सही था।