Dastak Hindustan

झाड़ू लगाने और शौचालय बनाने से क्या होगा? पीएम मोदी

लोहरदगा (झारखंड):- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “मैं भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धापूर्वक नमन करता हूं। पिछले वर्ष उनके जन्मदिवस पर मुझे उनके गांव जाने का सौभाग्य मिला था और मुझे वहां की मिट्टी माथे पर लगाने का गौरव प्राप्त हुआ था। मैं देश का पहला प्रधानमंत्री हूं, जिसे उनके गांव जाकर उस मिट्टी को नमन करने का सौभाग्य मिला है। भगवान बिरसा मुंडा मेरे लिए सिर्फ एक नाम ही नहीं, बल्कि वे मेरे लिए एक प्रेरणा है। उनके जीवन को याद करके मुझे हर चुनौती से जीतने की प्रेरणा मिलती है।”

मैंने स्वच्छ भारत अभियान शुरू किया, तो कांग्रेस और INDI गठबंधन वाले कहने लगे कि झाड़ू लगाने और शौचालय बनाने से क्या होगा? आज गांव-गांव देखिए, हालात बदले हैं। मैंने जब मोबाइल का डेटा सस्ता किया, गांव-गांव में कॉमन सर्विस सेंटर खोले और हर गांव तक इंटरनेट पहुंचाने की ठानी, तो ये झामुमो वाले और कांग्रेस वाले कहते थे कि गांव वालों को इसका क्या फायदा? आज मेरे गांव का युवा सोशल मीडिया का हीरो है। कांग्रेस वालों ने इंटरनेट को अमीरों की चीज बना दिया था। मैंने इंटरनेट को गरीबों के घर पहुंचा दिया है।

कांग्रेस के राज में राशन सड़ता रहता था। आदिवासी क्षेत्रों के बच्चे भूख से मरते रहते थे। और कांग्रेस अनाज गोदामों पर ताला लगाकर बैठ जाती थी। आप मोदी को लेकर आए। मोदी ने सारे अनाज गोदामों के ताले खुलवा दिए। आज देश में मुफ्त राशन की योजना चल रही है। और मैंने गारंटी दी है कि आने वाले 5 साल इसे और चलाऊंगा।

ये कांग्रेस ही है, जिसने लोहरदगा, खूंटी और गुमला जैसे जिलों को बदहाल कहकर छोड़ दिया था। ये ज्यादातर मेरे आदिवासी जिले हैं। यहां बिजली, सड़क, पानी, अस्पताल, स्कूल जैसा कोई भी काम ठीक से नहीं हुआ था। आपने मोदी को वोट दिया, मोदी ने इन जिलों के विकास को अपना मिशन बनाया। मैंने इन्हें पिछड़े नहीं, बल्कि आकांक्षी जिले घोषित किया। आज ये आकांक्षी जिले बाकी जिलों से भी अधिक तेजी से विकास करने की राह पर आ गए हैं। आदिवासियों में भी जो अति-पिछड़े हैं, उनको कोई पूछता ही नहीं था। मोदी उनके लिए पीएम-जनमन योजना लेकर आया, इस योजना पर 24 हजार करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।

जहां सरकार भ्रष्ट हों, वहां बजट कितना भी हो, विकास संभव नहीं है। झारखंड इसी स्थिति से गुजर रहा है। इस राज्य में ऐसा कोई पेपर नहीं जो लीक नहीं होता है। मोदी ने इस पेपर लीक माफिया के विरुद्ध भी एक कड़ा कानून बना दिया है। झारखंड में कांग्रेस के सांसद के घर से नोटों के ढेर निकले। ये ढेर इतने बड़े थे कि बैंकों से गिनने के लिए मशीनें लाई गई, लेकिन वो मशीन भी गिनते-गिनते हांफने लगी। एक CM भ्रष्टाचार के गंभीर मामलों में जेल में बंद है। जिसने झारखंड को लूटा, उस पर कानून के तहत कार्रवाई हो रही है। मोदी का एक ही संकल्प है – भ्रष्टाचार हटाओ, ये INDI अलायंस वाले कहते हैं – भ्रष्टाचारी बचाओ। मैं आपको गारंटी देता हूं – आने वाले 5 साल में ऐसे सभी भ्रष्टाचारियों पर कानून का डंडा चलेगा।

कांग्रेस, JMM और INDI गठबंधन वालों को आज भी ये बर्दाश्त नहीं हो रहा है कि ये गरीब मां का बेटा पीएम कैसे बन गया। इसलिए ये लोग मोदी के खिलाफ नए-नए झूठ फैलाते रहते हैं। आजकल इनका नया झूठ है – मोदी आएगा तो आरक्षण खत्म कर देगा, मोदी आएगा तो संविधान बदल देगा। अरे मूर्खों के सरदार, मोदी तो 10 साल से आया हुआ है और शान से सरकार चला रहा है। 10 साल में ये पाप मैंने नही किया है, क्योंकि मैं भारत के संविधान की भक्ति करता हूं, मैं बाबा साहेब अंबेडकर की पूजा करने वाले लोगों में से हूं।

अपने 60 साल के शासन में कांग्रेस ने देश को परिवारवाद और भ्रष्टाचार दिया। इसके अलावा एक और रास्ते पर कांग्रेस चली और वो रास्ता है – तुष्टिकरण, वोटबैंक की राजनीति। कांग्रेस जो चश्मा पहनती है, उसमें एक ही वोटबैंक दिखता है – वो है मुस्लिम वोटबैंक। कांग्रेस की इस नीति का बहुत बड़ा नुकसान हर किसी ने उठाया है। जबकि भाजपा सबका साथ-सबका विकास की बात करती है। भाजपा सरकार की नीतियों में किसी के साथ भेदभाव नहीं होता। लेकिन कांग्रेस को ये करना ही नहीं है, समझने का तो सवाल ही नहीं है।

जब संविधान बना, उस समय बाबा साहेब अंबेडकर और सबने मिलकर तय किया था कि हमारे देश में धर्म के आधार पर आरक्षण नहीं होगा। दलितों, आदिवासियों और पिछड़ों को संविधान के तहत आरक्षण मिलेगा। लेकिन कांग्रेस आपका हक छीनकर, संविधान को तोड़-मरोड़कर मुसलमानों को आरक्षण देना चाहती है। आपका हक लूटना चाहती है, इसलिए बहुत सतर्क रहने की जरूरत है।

ये मोदी की गारंटी है – जब तक मोदी जिंदा है, मैं दलित, आदिवासी, OBC के आरक्षण में से रत्तीभर भी चोरी नहीं करने दूंगा। 10 वर्षों में मोदी ने माओवादी हिंसा से देश के एक बड़े हिस्से को मुक्त कराया है। लेकिन कांग्रेस आज भी माओवादी नक्सलियों का समर्थन कर रही है। अपना वोटबैंक बचाने के लिए कांग्रेस आतंकवादियों पर भी कार्रवाई नहीं करती।

बहुत मेहनत के बाद आतंकवादियों के स्लीपर सेल को हम तोड़ पाए हैं। लेकिन झारखंड में जो किया जा रहा है, वो खतरनाक है। यहां घुसपैठियों को बढ़ावा देने का और आदिवासी परिवारों को जमीन हड़पने का खेल हो रहा है। संथाल में PFI जैसे प्रतिबंधित संघठन कैसे अपना रैकेट चला रहे हैं? कैसे आदिवासियों के साथ ठगी कर रहे हैं? कैसे आदिवासी बेटियों के साथ अत्याचार कर रहे हैं? आदिवासी बेटियों को विशेष तौर पर टारगेट किया जा रहा है। जब लोग इसके खिलाफ आवाज उठाते हैं, तो इंडी गठबंधन वाले कहते हैं कि मोदी के खिलाफ वोट जिहाद करो।

ऐसी अन्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें 

शेयर करे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *