चंडीगढ़ (हरियाणा):- मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व वाली हरियाणा सरकार ने राज्य विधानसभा में फ्लोर टेस्ट जीत लिया। सीएम नायब सिंह सैनी ने विधानसभा सत्र को संबोधित करते हुए कहा, “मैं एक साधारण पारिवार से आता हूं, मेरे परिवार में कोई भी राजनीति में नहीं है। मैं सिर्फ भाजपा का एक पार्टी कार्यकर्ता हूं और आज मुझे इतना बड़ा अवसर दिया गया है। यह केवल भाजपा जैसी पार्टी में ही संभव है।”
वहीं कल लोकसभा चुनाव से पहले हरियाणा की जनता को नया मुख्यमंत्री मिल गया है। बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष नायब सिंह सैनी ने मंगलवार शाम को हरियाणा के राजभवन में सीएम पद की शपथ ले ली। शपथ लेने से पहले नायब सिंह सैनी ने मनोहर लाल के पैर छू कर आर्शीवाद लिया। इस दौरान कंवर पाल गुर्जर ने भी मंत्री पद और गोपनीयता की शपथ ली। खट्टर सरकार में कंवर पाल गुर्जर शिक्षा मंत्री थे।
मूलचंद शर्मा को भी कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। राजभवन में मूलचंद शर्मा ने भी मंत्री पद की शपथ ली है। उनके साथ निर्दलीय विधायक रणजीत सिंह भी कैबिनेट मंत्री बने हैं। नायब सैनी ने नायब सिंह ओबीसी वर्ग से ताल्लुक रखते हैं और वह कुरुक्षेत्र से सांसद हैं। वहीं इससे पहले आज मनोहर लाल खट्टर ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया।