नई दिल्ली :- रूस और यूक्रेन व इजराइल-हमास में जंग के बीच दुनिया पर एक और युद्ध का खतरा मंडरा रहा है। जंग के इस खतरे को खुद उत्तर कोरिया के तानाशाह किम जोंग ने भी भांप लिया है। किम जोंग को अमेरिका और दक्षिण कोरिया से जंग का खतरा है। यही कारण है कि किम जोंग ने इन देशों के खिलाफ युद्धक क्षमताओं को मजबूत करने के लिए कहा है।
मिली जानकारी के अनुसार उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन ने अमेरिका और दक्षिण कोरिया के खिलाफ युद्धक क्षमताओं को मजबूत करने की अपील की है। सरकारी मीडिया ने गुरुवार को यह जानकारी दी। इससे पहले उत्तर कोरिया ने अमेरिका-दक्षिण कोरिया के संयुक्त जंगी अभ्यास के जवाब में कार्रवाई करने की धमकी दी थी।
उत्तर कोरिया के शासक ने सैन्य अड्डे का किया दौरा
उत्तर कोरिया की आधिकारिक समाचार एजेंसी ‘कोरियन सेंट्रल न्यूज एजेंसी’ (केसीएनए) ने बताया कि उत्तर कोरिया के तानाशाह किम जोंग ने बुधवार को एक सैन्य अड्डे के दौरो पर कहा कि ‘सेना को जंग की तैयारियों के लिए अपनी युद्धक क्षमताओं में तेजी से सुधार लाने चाहिए। इसके लिए वास्तविक जंगी अभ्यास को लगातार तेज करना होगा।’ केसीएनए के अनुसार, किम ने कहा कि दुश्मनों के लगातार खतरे को भारी ताकत से नियंत्रित करने के लिए अत्यधिक तत्परता की जरूरत है।