Dastak Hindustan

बहादुरगढ़ में पूर्व विधायक नफे सिंह राठी की गोली मारकर की गई हत्या

बहादुरगढ़ (हरियाणा):-  हरियाणा के बहादुरगढ़ में INLD (इंडियन नेशनल लोकदल) के प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व विधायक नफे सिंह राठी की कल गोली मारकर हत्या कर दी गई। फायरिंग के दौरान वो अपनी कार में मौजूद थे। अज्ञात हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ 40-50 राउंड फायरिंग की। गोलीबारी में पार्टी के एक कार्यकर्ता की भी मौत हो गई है। वहीं तीन सुरक्षाकर्मी गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

हरियाणा INLD प्रमुख नफे सिंह राठी की गोली मारकर हत्या पर झज्जर के एसपी अर्पित जैन ने कहा, “दो DSP जांच में शामिल हैं। जल्द से जल्द आरोपियों का पता लगा लिया जाएगा। फिलहाल हमें चार हमलावरों के बारे में पता है। अगर इसमें और भी लोग शामिल हैं तो उन्हें भी जल्द ही ग़िरफ्तार कर लिया जाएगा। FIR दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है।”

हरियाणा INLD नेता अभय चौटाला ने कहा, ” जो घटना(पार्टी अध्यक्ष नफे सिंह राठी की मौत) हुई है, इसकी ज़िम्मेदार राज्य सरकार है। वे ज़िम्मेदार हैं क्योंकि नफे सिंह ने मुझे 6 महीने पहले बताया था कि पुलिस ने उन्हें सूचित किया था कि उनकी जान ख़तरे में है और उन पर कभी भी हमला हो सकता है। उन्होंने(नफे सिंह राठी) एसपी, सीएम और डीजी को लिखा कि वे इसकी जांच करें और उन्हें सुरक्षा मुहैया कराएं। पूर्व विधायकों ने भी सीएम को जानकारी दी लेकिन उन्हें सुरक्षा मुहैया नहीं कराई गई। जिन्हें सुरक्षा की जरूरत है, उन्हें नहीं मिल रही है बल्कि जो कई मामलों में आरोपी है उन्हें सुरक्षा मिल रही है। इसलिए मैं इस घटना के लिए स्पष्ट रूप से मुख्यमंत्री को ज़िम्मेदार मानता हूं। अगर कोई लिखकर दे रहा है कि उसकी जान को खतरा है तो मुख्यमंत्री को जांच करानी चाहिए थी और उसे सुरक्षा मुहैया करानी चाहिए थी।

हम मांग करेंगे कि इसकी CBI जांच हो और आरोपियों को सज़ा मिले। पार्टी इस पर सख्त कार्रवाई करेगी और सरकार को इसकी CBI जांच कराने के लिए मजबूर करेगी। सरकार लॉरेंस गैंग का नाम लेकर खुद को बचाने की कोशिश कर रही है लेकिन अगर वे ऐसा कह रहे हैं तो उन्होंने कोई सुरक्षा क्यों नहीं दी।”

ऐसी अन्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें 

शेयर करे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *