नई दिल्ली:- तेलंगाना के मनोनीत मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने दिल्ली में कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी, कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा से मुलाकात की। कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा, “हम रेवंत रेड्डी को उनकी जीत पर बधाई देते हैं, यह जीत कांग्रेस की, रेवंत जी के संघर्ष की जीत है।”
तेलंगाना के मनोनीत मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी से उनके आवास पर मुलाकात की।
वहीं आज रेवंत रेड्डी ने दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से उनके आवास पर मुलाकात की। जानकारी के लिए आपको बता दें कि कांग्रेस के अनुसार, रेवंत रेड्डी 7 दिसंबर को राज्य के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।
रेवंत रेड्डी को कांग्रेस विधायक दल का नेता नामित किए जाने की जानकारी देते हुए कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने मंगलवार को कहा था कि कांग्रेस अध्यक्ष ने तेलंगाना विधायक दल के नए नेता के रूप में रेवंत रेड्डी के साथ जाने का फैसला किया है।