रांची (झारखंड):- झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शुक्रवार 13 अक्टूबर को वीमेंस एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2023 के इवेंट मस्कट जूही और ट्रॉफी का अनावरण किया। इस चैंपियनशिप का आयोजन 27 अक्टूबर से 05 नवंबर तक रांची में होगा। झारखंड सरकार की तरफ से इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि इस आयोजन में किसी तरह की कोई कमी नहीं रहेगी।
इतना ही नहीं आयोजन से राज्य के खिलाड़ियों को प्रोत्साहन भी मिलेगा। झारखंड सरकार की तरफ से मिली जानकारी के मुताबिक आज रांची में आगामी महिला एशियाई हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी 2023 के ट्रॉफी अनावरण और मस्कट शुभंकर जूही के लॉन्चिंग कार्यक्रम में सीएम हेमंत सोरेन भी शामिल हुआ।
सीएम सोरेन ने कहा कि देश में पहली बार यह चैंपियंस ट्रॉफी हो रही है जिसका ऐतिहासिक आयोजन झारखंड में होने वाला है। इस ऐतिहासिक अवसर का गवाह बनने के लिए झारखंड राज्य में आप सभी सादर आमंत्रित है। सभी को अनेक-अनेक बधाई शुभकामनाएं और जोहार।
सरकार ने खेल को महत्वपूर्ण कंपोनेंट के रूप में देखा है। हमारा लक्ष्य है कि देश में तैयार होने वाली सभी टीम में झारखंड के खिलाड़ी हमेशा शामिल हों। महिला एशियाई हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी से शुरुआत हो रही है। झारखंड में अन्य खेल का भी आयोजन हो इसका प्रयास होगा।
बता दें कि इस चैंपियनशिप में भारत के अलावा जापान कोरिया चीन मलेशिया और थाईलैंड हिस्सा लेंगे। हर दिन तीन मुकाबले खेले जाएंगे। टूर्नामेंट में कुल 21 मुकाबले खेले जाएंगे।