नोएडा (उत्तर प्रदेश):- चीन के तीन नागरिकों को उत्तर प्रदेश पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बताया कि इन तीनों में से दो चीनी नागरिक फर्जी दस्तावेज के जरिए भारत में रह रहे थे, इनके पास वैद्य वीजा नहीं था। तीनों ही चीनी नागरिकों को उत्तर प्रदेश पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स ने गिरफ्तार किया है। इन लोगों को भारतीय कानून के उल्लंघन के आरोप में हिरासत में लिया गया है। जिन तीन चीनी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है उनकी पहचान चेन जूनफेंग, लिउ पेंगफेई के रुप में हुई है। ये दोनों ग्रेटर नोएडा में रह रहे थे, जबकि झैंग किचाओ नोएडा में रह रहा था। दो आरोपियों के वीजा खत्म हो गया था। जबकि तीसरे आरोपी ने गलत पहचान पत्र के जरिए आधार कार्ड और पैन कार्ड बनवाया था।
बता दें कि पिछले दो महीनों में चीन के 30 नागरिकों को गिरफ्तार किया जा चुका है। ये लोग नोएडा और ग्रेटर नोएडा में गैरकानूनी तरीके से रह रहे थे। उत्तर प्रदेश पुलिस इन लोगों से अलग-अलग पूछताछ कर रही हैं। इन लोगों के खिलाफ हवाला रैकेट में संदिग्ध रूप से शामिल होने के आरोप में पूछताछ हो रही है। ये लोग 2020 से ही भारत में गैरकानूनी तरह से रह रहे थे, लेकिन इन्हें 13 जून को गिरफ्तार किया गया। सू फेई उर्फ केली अपनी भारतीय गर्लफ्रैंड पेतीखीरेनू के साथ रह रहा था, जोकि नागालैंड की रहने वाली है। पेतीखीरेनू को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। शू अवैध तरीके से ग्रेटर नोएडा में रेस्टोरेंट चला रहा था जहां अधिकतर चीनी नागरिक रहते हैं।