नई दिल्ली:- दिल्ली में 27 साल बाद बीजेपी की सरकार बनने जा रही है। आज रामलीला मैदान में शपथ ग्रहण समारोह होगा जिसमें रेखा गुप्ता मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगी। उनके साथ छह अन्य नेता भी मंत्री पद की शपथ लेंगे।
मंत्रियों में प्रवेश वर्मा, आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा, रविंद्र इंद्राज, कपिल मिश्रा और पंकज कुमार सिंह शामिल हैं। वहीं चर्चा है कि प्रवेश वर्मा को उपमुख्यमंत्री बनाया जा सकता है हालांकि अभी इस पर आधिकारिक फैसला नहीं हुआ है।
रेखा गुप्ता को क्यों मिली प्राथमिकता?
मुख्यमंत्री पद की रेस में प्रवेश वर्मा और विजेंद्र गुप्ता सबसे आगे थे लेकिन बीजेपी ने महिलाओं और व्यापारी वर्ग को साधने के लिए रेखा गुप्ता को मौका दिया। उनके लंबे सार्वजनिक जीवन, शिक्षा और महिला सशक्तिकरण में योगदान को देखते हुए पार्टी ने उन्हें चुना।
नई सरकार में ये विधायक लेंगे मंत्री पद की शपथ
1. प्रवेश वर्मा
2. आशीष सूद
3. मनजिंदर सिंह सिरसा
4. रविंद्र इंद्राज सिंह
5. कपिल मिश्रा
6. पंकज कुमार सिंह
विजेंद्र गुप्ता को मिल सकती है नई जिम्मेदारी
तीसरी बार विधायक बने विजेंद्र गुप्ता को विधानसभा अध्यक्ष बनाया जा सकता है। बीजेपी नेताओं का कहना है कि वे सरकार में अहम भूमिका निभाएंगे।
बीजेपी के लिए ऐतिहासिक दिन
एनडीएमसी उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने रेखा गुप्ता को बधाई देते हुए कहा कि बीजेपी दिल्ली के समग्र विकास के लिए काम करेगी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “विकसित भारत 2047” विजन को आगे बढ़ाएगी।