नई दिल्ली:- दिल्ली पुलिस ने अवैध बांग्लादेशी घुसपैठियों के लिए फर्जी दस्तावेज तैयार करने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में 11 लोगों को गिरफ्तार किया गया है जिनमें 6 बांग्लादेशी नागरिक भी शामिल हैं। पुलिस ने इन पर आरोप लगाया है कि ये लोग फर्जी वेबसाइट और तकनीकी साधनों का इस्तेमाल कर जाली वोटर कार्ड, आधार कार्ड और अन्य दस्तावेज तैयार कर रहे थे।
कैसे काम करता था गिरोह?
पुलिस के मुताबिक, यह गिरोह फर्जी वेबसाइट और तकनीकी साधनों का उपयोग करके जाली पहचान पत्र बनाता था। गिरोह में शामिल लोग फर्जी दस्तावेजों के जरिए अवैध बांग्लादेशी घुसपैठियों को भारत का नागरिक दिखाने में मदद कर रहे थे। इसके लिए वे जाली वोटर कार्ड, आधार कार्ड और अन्य पहचान पत्र तैयार करते थे।
गिरफ्तार किए गए आरोपितों में तकनीकी विशेषज्ञ आधार कार्ड ऑपरेटर और फर्जी वेबसाइट डिजाइन करने वाले लोग शामिल हैं। आरोपितों की योजना थी कि वे दिल्ली चुनाव से पहले अधिक से अधिक घुसपैठियों के दस्तावेज तैयार करें ताकि उनका नाम वोटर लिस्ट में शामिल हो सके।
दिल्ली पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर इस गिरोह के ठिकानों पर छापेमारी की। छापेमारी में बड़ी मात्रा में नकली दस्तावेज, कंप्यूटर, प्रिंटर और फर्जी वेबसाइट का डेटा जब्त किया गया। पुलिस ने बताया कि गिरोह पिछले कई महीनों से सक्रिय था।
दिल्ली के उपराज्यपाल ने हाल ही में घुसपैठियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने का आदेश दिया था। इसी अभियान के तहत पुलिस ने यह कार्रवाई की।
पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और उनके नेटवर्क की जांच कर रही है। पकड़े गए आरोपितों से पूछताछ में कई अहम जानकारियां सामने आई हैं जिनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। दिल्ली पुलिस का कहना है कि इस प्रकार की गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए निगरानी बढ़ाई जाएगी और तकनीकी तंत्र को मजबूत किया जाएगा।