Dastak Hindustan

कांग्रेस आज करेगी 35 उम्मीदवारों के नाम तय, राहुल गांधी करेंगे सीमापुरी में सभा

नई दिल्ली:- कांग्रेस ने दिल्ली विधानसभा चुनावों के लिए अपनी रणनीति तेज कर दी है। पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) की महत्वपूर्ण बैठक आज (24 दिसंबर) को सुबह 10 बजे होगी। इस बैठक में 35 विधानसभा सीटों पर उम्मीदवारों के नाम तय किए जाएंगे। इसके अलावा राहुल गांधी 28 दिसंबर को उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सीमापुरी में एक जनसभा को संबोधित करेंगे।

कांग्रेस के इस अभियान का मुख्य फोकस दलित और मुस्लिम वोटरों को अपने पक्ष में करना है। राहुल गांधी सीमापुरी में जनसभा के दौरान भाजपा और आम आदमी पार्टी पर तीखा हमला करते हुए कांग्रेस की नीतियों को जनता के सामने पेश करेंगे।

इन बड़े नामों पर लग सकती है मुहर

बैठक में जिन संभावित उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा हो रही है उनमें शामिल हैं:

जंगपुरा: मनीष सिसोदिया के खिलाफ कांग्रेस वरिष्ठ नेता फरहाद सूरी को मैदान में उतार सकती है।

बिजवासन: देवेंद्र सहरावत जो पहले भाजपा और शिवसेना में रह चुके हैं।

• मटिया महल: असीम अहमद खान, जिन्हें भ्रष्टाचार के आरोपों के चलते अरविंद केजरीवाल ने अपनी कैबिनेट से हटाया था।

दिल्ली कांग्रेस ने सोमवार को घोषणा पत्र तैयार करने के लिए बैठक की। पार्टी ने जनता से सुझाव लेकर इसे अंतिम रूप देने की प्रक्रिया शुरू की है। कांग्रेस के दिल्ली अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने कहा हम घोषणापत्र में केवल उन्हीं वादों को शामिल करेंगे जिन्हें पूरा किया जा सकता है। भाजपा और ‘आप’ ने झूठे वादों के जरिए दिल्लीवासियों को गुमराह किया है।

देवेंद्र यादव ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की बाबासाहेब आंबेडकर पर टिप्पणी को लेकर कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता उनके इस्तीफे और माफी की मांग करते हुए दिल्ली के सभी जिलों और ब्लॉकों में पदयात्रा करेंगे।

देवेंद्र यादव ने भाजपा और ‘आप’ पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले 10 वर्षों में इन दोनों दलों ने दिल्ली की जनता से केवल झूठे वादे किए हैं। अब दिल्लीवासी उनके झांसे में नहीं आएंगे।

कांग्रेस ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए अपनी रणनीति को गति देते हुए 35 उम्मीदवारों के नाम तय करने की तैयारी कर ली है। राहुल गांधी की सीमापुरी रैली और घोषणापत्र के जरिए पार्टी खुद को मजबूत विकल्प के रूप में पेश करना चाहती है। दिल्ली की राजनीति में यह देखना दिलचस्प होगा कि कांग्रेस का यह दांव कितना कारगर साबित होता है।

शेयर करे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *