नई दिल्ली:- आज 27 अप्रैल से अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल प्रचार के लिए मैदान में उतरेंगी। शराब घोटाले मामले में जेल में बंद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के लिए आशीर्वाद मांगने उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल लोगों के बीच जाएंगी। दिल्ली सरकार में मंत्री आतिशी ने शुक्रवार को बताया कि सुनीता केजरीवाल शनिवार को पूर्वी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र में मेगा रोड शो से चुनाव प्रचार की शुरुआत करेंगी। जनता से केजरीवाल के लिए आशीर्वाद मांगेंगी। सुनीता पंजाब, गुजरात और हरियाणा में भी पार्टी के प्रत्याशियों के लिए प्रचार करेंगी। 28 अप्रैल को पश्चिमी दिल्ली में मेगा रोड शो करेंगी।
मंत्री और AAP नेता आतिशी ने कहा, “भाजपा शासित केंद्र सरकार और उनके राजनीतिक हथियार ED ने लोकसभा चुनाव की घोषणा होने के बाद अरविंद केजरीवाल को इसलिए गिरफ्तार किया कि वे लोकसभा चुनाव में प्रचार ना कर सकें। लेकिन मैं भाजपा को ये बताना चाहती हूं कि उनका दांव उल्टा पड़ गया है क्योंकि दिल्ली के लोग, पंजाब के लोग और देश भर के लोग अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी का विरोध कर रहे हैं।
केजरीवाल को गिरफ्तार करने का भाजपा का दाव 100 प्रतिशत उल्टा पड़ गया है। पूरे देश में जनता केजरीवाल की गिरफ़्तारी के विरोध में है। लोकसभा चुनाव की घोषणा व आचार संहिता लगने के तुरंत बाद केंद्र सरकार और उनके राजनीतिक हथियार ईडी ने मुख्यमंत्री को गिरफ़्तार कर लिया। उन्होंने कहा,” भाजपा को केजरीवाल से डर लगता है। वह ये नहीं चाहते कि केजरीवाल चुनावी मैदान में उतरे।”