नई दिल्ली :- आदाणी समूह के चेयरमैन और देश के दिग्गज कारोबारी गौतम आदाणी दुनिया के 12वें सबसे अमीर शख्स बन गए हैं। उनकी नेटवर्थ 100 बिलियन डॉलर के पार पहुंच गई है। साल 2023 की शुरुआत में हिंडनबर्ग रिसर्च के हेरफेर के आरोपों के बाद उनकी नेटवर्थ में रिकॉर्ट गिरावट आई थी। जिसके बाद उन्होंने यह वापसी की है। आदाणी समूह ने आरोपों को झूठा बताया था।
बुधवार को गौतम अदाणी की कुल संपत्ति 2.7 बिलियन डॉलर बढ़कर 100.7 बिलियन डॉलर हो गई। यह हिंडनबर्ग रिसर्च की रिपोर्ट में लगाए गए आरोपों के बाद सबसे अधिक है। आदाणी मुकेश अंबानी से सिर्फ एक पायदान नीचे हैं। मुकेश अंबानी इस समय दुनिया के 11वें सबसे अमीर शख्स हैं। अंबानी की नेटवर्थ 108 अरब डॉलर है। यानी आदाणी की संपत्ति अंबानी से 8 अरब डॉलर कम है। अंबानी की नेटवर्थ में इस साल 11.8 अरब डॉलर की बढ़ोतरी हुई है।
क्या आरोप लगाए थे हिंडनबर्ग ने अदाणी समूह पर
बता दें कि हिंडनबर्ग (अमेरिका की शॉर्ट सेलिंग कंपनी) के आरोपों के बाद अदाणी समूह पूरी तरह से लड़खड़ा गया था। ग्रुप पर शेयरों में हेरफेर और धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया गया था। इससे कंपनी को भारी नुकसान उठाना पड़ा था और उसकी संपत्ति में 80 बिलियन डॉलर की गिरावट आई थी। आरोपों के बाद उनकी संपत्ति 130 अरब डॉलर से घटकर 50 अरब डॉलर हो गई थी। कंपनी का बाजार पूंजीकरण आधे से कम हो गया था। आदाणी की संपत्ति में इस साल अबतक 16.4 अरब डॉलर वापस आ गए हैं।
कितने अरबपति हैं 100 अरब डॉलर के क्लब में
गौतम आदाणी एक साल बाद फिर से 100 अरब डॉलर की संपत्ति वाले लोगों के क्लब में शामिल हो गए हैं। हाल के दिनों में आदाणी ग्रुप के शेयरों में तेजी देखी गई है। ग्रुप की फ्लैगशिप कंपनी अडानी एंटरप्राइजेज के शेयरों में बुधवार को लगातार आठवें दिन तेजी आई। दिसंबर तिमाही में कंपनी का मुनाफा 130 प्रतिशत बढ़ गया है। बता दें कि दुनिया में सिर्फ 12 अरबपति हैं जिनकी संपत्ति 100 अरब डॉलर से अधिक है। इसमें से 9 अमेरिका के हैं, दो भारत के (अंबानी-अदाणी) और एक फ्रांस का है।
कितनी संपत्ति है दुनिया के सबसे अमीर शख्स के पास
इस समय दुनिया के सबसे अमीर शख्स बर्नाल्ड अर्नाल्ट हैं। संपत्ति के मामले में उन्होंने टेस्ला के सीईओ इलोन मस्क को पीछे छोड़ दिया है। अर्नाल्ट की संपत्ति 207.8 बिलियन डॉलर है। वहीं जेफ बेजोस दुनिया के तीसरे सबसे अमीर शख्स हैं। उनकी कुल संपत्ति 181.3 अरब डॉलर है। चौथे नंबर पर लैरी एलिसन और पांचवे पर मेटा के सीईओ मार्क जकरबर्ग हैं।