Dastak Hindustan

धोखाधड़ी मामले में पत्नी लिजेल के साथ बुरे फंसे रेमो डिसूजा

नई दिल्ली :- कोरियोग्राफर रेमो डिसूजा और उनकी पत्नी लिजेल डिसूजा के खिलाफ महाराष्ट्र में एक डांस ग्रुप से 12 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने का मामला दर्ज किया गया है। समाचार एजेंसी पीटीआई ने शनिवार को पुलिस के हवाले से बताया कि ठाणे जिले में पांच अन्य लोगों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है।

रेमो डिसूजा और उनकी पत्नी के खिलाफ मामला दर्ज

मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो यह मामला 26 वर्षीय डांसर की शिकायत पर दर्ज किया गया है। एक अधिकारी ने बताया कि मीरा रोड पुलिस स्टेशन में 16 अक्तूबर को रेमो, लिजेल और पांच लोगों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 465 (जालसाजी), 420 (धोखाधड़ी) और अन्य संबंधित प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया था।

क्या है आरोप?

एफआईआर रिपोर्ट के मुताबिक शिकायतकर्ता और उनके ग्रुप को साल 2018 और जुलाई 2024 के बीच कथित रूप से धोखा दिया गया। उन्होंने कहा कि ग्रुप ने एक टेलीविजन शो में प्रदर्शन किया और जीत हासिल की और आरोपियों ने कथित तौर पर ऐसा दिखावा किया जैसे कि ग्रुप उनका है और 12 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि का दावा किया।

रेमो 15 साल से डांस शो जज हैं

कोरियोग्राफर होने के अलावा, रेमो 2009 से कई डांस रियलिटी शो में जज रहे हैं। वह डांस इंडिया डांस , झलक दिखला जा, डांस के सुपरस्टार्स, डांस प्लस, डांस चैंपियंस, इंडियाज बेस्ट डांसर, डीआईडी लिटिल मास्टर और डीआईडी सुपर मॉम्स जैसे शो में जज रह चुके हैं। 2018 से 2024 के बीच, उन्होंने डांस प्लस (सीजन 4, 5, 6), इंडियाज बेस्ट डांसर, हिप हॉप इंडिया और डांस प्लस प्रो जैसे शो होस्ट किए हैं।

रेमो की आने वाली फिल्म

रेमो अपनी प्राइम वीडियो फिल्म ‘बी हैप्पी’ की रिलीज के लिए तैयार हैं, जिसमें अभिषेक बच्चन और इनायत वर्मा मुख्य भूमिका में हैं। रेमो द्वारा निर्देशित और लिजेल द्वारा निर्मित यह फिल्म एक अकेले पिता और उसकी बेटी की कहानी है। फिल्म में नोरा फतेही, नासिर, जॉनी लीवर और हरलीन सेठी भी हैं।

शेयर करे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *