लखनऊ (उत्तर प्रदेश):- साउथ फिल्म के सुपरस्टार रजनीकांत लखनऊ पहुंचे। यहां पहुंचने पर अभिनेता रजनीकांत ने पत्रकारों से कहा, “मैं मुख्यमंत्री (योगी आदित्यनाथ) के साथ फिल्म(जेलर) देखूंगा।”
इससे पहले रजनीकांत झारखंड में रजरप्पा मंदिर पहुंचे। रजनीकांत ने अपने झारखंड दौरे पर कहा, “बहुत बढ़िया लगा…” उन्होंने गुरुवार को रांची के योगदा आश्रम में एक घंटे ध्यान किया और रजरप्पा मंदिर में भी दर्शन किए।
इससे एक दिन पहले रजनीकांत ने उत्तराखंड से यहां पहुंचने पर राजभवन में झारखंड के राज्यपाल सी पी राधाकृष्णन संग भी मुलाकात की थी। मालूम हो, थलाइवा इन दिनों अपनी हालिया रिलीज ‘जेलर’ को लेकर चर्चा में हैं।
रजनीकांत परमहंस योगानंद के शिष्य हैं और उन्होंने अपने गुरु के आश्रम योगदा सत्संग सोसाइटी में ध्यान किया, जिसका मुख्यालय रांची में है। ध्यान के बाद रजनीकांत सीधे रजरप्पा मंदिर के लिए रवाना हो गए। यहां उन्होंने पूजा अर्चना की और कहा कि उन्होंने रजरप्पा मंदिर की देवी छिन्नमस्ता का काफी नाम सुना था।
वह भी दर्शन करना चाहते थे और इसलिए यहां पहुंचे। इस दौरान उनके साथ कई लोगों ने सेल्फी भी ली। बता दें कि रजनीकांत पिछले हफ्ते और अपनी नवीनतम फिल्म ‘जेलर’ की रिलीज के कुछ दिनों बाद उत्तराखंड के बद्रीनाथ मंदिर के दर्शन करने भी गए थे।