सोनभद्र (उत्तर प्रदेश):- सोनभद्र में शुक्रवार को जनपद के स्थानीय डीएवी सी.से.पब्लिक स्कूल, रॉबर्ट्सगंज में विश्व प्रकृति संरक्षण दिवस मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं को विज्ञान प्रयोगशाला कक्ष में स्मार्ट बोर्ड के माध्यम से संबंधित चलचित्र दिखाया गया।
जीव विज्ञान के शिक्षक दशरथ पाल ने बच्चों को चलचित्र दिखाते हुए प्रकृति के जीव-जंतुओं एवं पेड़-पौधों के आवश्यकता के बारे में बताया। उन्होंने बताया कि जीव-जंतु प्रकृति के आवश्यक अंग हैं। इनकी सुरक्षा के लिए हम सभी को जागरूक होना जरूरी है। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य डॉ अंकुर भाटिया ने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि प्रकृति मनुष्यों को उपहार के रूप में मिली हुई है। इस प्रकृति से हम मनुष्यों को कीमती वस्तुएं प्राप्त होती है।
उन्होंने कहा कि प्रकृति का संरक्षण एवं संवर्द्धन हमारी नैतिक जिम्मेदारी है। इसके लिए जन-जन को जागरूक होना होगा। इसी क्रम में डीएवी पब्लिक स्कूल प्रभापुरम कॉम्प्लेक्स में भी विश्व प्रकृति संरक्षण दिवस मनाया गया। वहां के नौनिहालों ने कुछ अलग अंदाज़ में प्रकृति के विभिन्न रूपों से परिचित होकर संरक्षण की प्रेरणा ली।
बच्चे नाट्य मंचन के द्वारा छोटे-छोटे जीव का स्वांग बनकर प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान विद्यालय में प्लास्टिक का प्रयोग न करने तथा प्रत्येक वर्ष कम से कम तीन पौधे लगाने की प्रतिज्ञा ली। विद्यालय की प्रभारी शिक्षिका निशा चौबे ने बच्चों को प्रकृति संरक्षण के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार उपस्थित रहा।