रांची ( झारखंड):- झारखंड में धनबाद जिले में वासेपुर के मछली व रियल स्टेट कारोबारी रशीद महाजन के घर गोली चलने के 24 घंटे के अंदर वासेपुर में प्रिंस के गुर्गों ने एक बार फिर से गोली चलाई है। इस बार गोली आजाद नगर गफ्फार कॉलोनी स्थित अप्सरा ड्रेसेज के संचालक मोहम्मद सलीम के घर पर चली है। घटना देर रात दो बजे की है। इसका सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।
इसमें एक बाइक पर सवार तीन अपराधी कॉलोनी पहुंचे हैं। वापसी में घर के पास हवाई फायरिंग करते नजर आ रहे हैं। गौरतलब हो कि लगभग डेढ़ वर्ष पूर्व भी 25 फरवरी 2022 को 50 लाख रंगदारी देने की मांगी गई थी।
व्यवसायी के घर पर छह मई 2022 को पल्सर बाइक पर सवार अपराधियों ने तीन राउंड गोली चला कर दहशत फैलाई थी। बीती रात भी डराने के नियत से गोली चलाई गई।
फायरिंग के बाद इलाके में दहशत
फायरिंग के बाद इलाके में दहशत फैल गई है। गोली चलने की घटना के बाद प्रिंस के गुर्गे मेजर की चिट्ठी इंटरनेट मीडिया पर जारी की गई है।
चिट्ठी में लिखा है कि ये जो गोली चली है यह आखिरी वार्निंग है। अगली बार तुम्हारी घर में हत्या कर देंगे नहीं तो दो दिन में छोटे सरकार को मैनेज करो।गौरतलब हो कि पिछली बार इनके घर पर गोली चलाने के बाद 50 लाख रुपये की मांग की गई थी। प्रिंस खान अभी तक फरार है।
2 दिन में दो व्यवसायियों के घर चली गोली
पिछले दो दिन में वासेपुर के दो व्यवसायियों के घर पर प्रिंस के गुर्गों ने रंगदारी के लिए गोली चलाई है। पुलिसिया कार्रवाई इतनी धीमी है कि अभी तक इस मामले में पुलिस किसी एक को भी गिरफ्तार नहीं कर पाई है।
गौरतलब हो कि इससे पूर्व तोपचांची के शान – ए- पंजाब और माही होटल में प्रिंस के गुर्गों ने बम फेंका था। वहीं मोटर पार्ट्स व्यवसायी संजीवानंद ठाकुर पर गोली चलाने वालों की गिरफ्तारी भी पुलिस अभी तक नहीं कर पाई है।
पुलिस से भी नहीं मिली सुरक्षा
घटना के बाद अप्सरा ड्रेसेज के संचालक मो. सलीम ने पुलिस से कोई शिकायत नहीं की है। उनका कहना है कि जब कारोबार करना है तो वह दूसरे शहर भी जाकर कर सकते हैं। पिछली बार गोली चलने के बाद भी पुलिस उन्हें सुरक्षा नहीं दे पाई है।