महोबा (उत्तर प्रदेश): कड़ी मेहनत और आत्मविश्वास के दम पर महोबा जिले के योगेंद्र सिंह ने उत्तर प्रदेश सिपाही भर्ती परीक्षा में पहला स्थान हासिल किया है। खास बात यह है कि उन्होंने बिना किसी कोचिंग के यह सफलता पाई।
योगेंद्र के पिता कामता सिंह फरीदाबाद में मजदूरी करते हैं, जबकि उनका जन्म और पालन-पोषण ननिहाल पाठा गांव (जनपद महोबा) में हुआ। पढ़ाई में शुरू से ही मेधावी रहे योगेंद्र ने हाईस्कूल में 84% और इंटरमीडिएट में 85% अंक हासिल किए। आगे उन्होंने पॉलीटेक्निक से डिप्लोमा किया और फिर राजकीय महाविद्यालय चरखारी से स्नातक की पढ़ाई पूरी की।
योगेंद्र ने एक साल पहले इनकम टैक्स विभाग में ग्रुप डी पद के लिए चयनित होने के बावजूद ज्वाइन नहीं किया और पुलिस भर्ती की तैयारी जारी रखी। आखिरकार, उनकी मेहनत रंग लाई और उन्होंने पूरे प्रदेश में टॉप कर इतिहास रच दिया।
उनकी इस सफलता पर परिवार और गांव में जश्न का माहौल है। हर कोई उनकी लगन और मेहनत की तारीफ कर रहा है। योगेंद्र की सफलता उन छात्रों के लिए प्रेरणा है जो सीमित संसाधनों के बावजूद अपने सपनों को साकार करने का हौसला रखते हैं।