दिल्ली:- अक्टूबर का महीना धीरे-धीरे खत्म होने को है और इसी के साथ देश के विभिन्न हिस्सों में मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। राजधानी दिल्ली में जहां ठंड ने दस्तक दे दी है वहीं देश के दो राज्यों, पश्चिम बंगाल और उड़ीसा, के लिए मौसम विभाग ने भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इन राज्यों के तटीय इलाकों में तेज हवाएं और तूफान के साथ भारी वर्षा की आशंका है। दिल्ली और इसके आस-पास के क्षेत्रों में मौसम ठंडा होने लगा है। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार 25 अक्टूबर से दिल्ली में ठंड और बढ़ने की संभावना है। राजधानी के अलावा, नोएडा, गुरुग्राम, सोनीपत, फरीदाबाद और गाजियाबाद में भी ठंड का असर महसूस होने लगेगा। अगले चार दिनों में तापमान में और गिरावट की उम्मीद है और दिवाली के बाद ठंड तेजी से बढ़ सकती है।
आज का मौसम भी ठंडक की ओर संकेत दे रहा है। दिल्ली का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री के आसपास रहने की उम्मीद है।
वहीं मौसम विभाग ने पश्चिम बंगाल और उड़ीसा के तटीय इलाकों में भारी बारिश और तूफान की चेतावनी दी है। 24 और 25 अक्टूबर को इन इलाकों में तेज हवाओं के साथ 20 सेंटीमीटर तक बारिश हो सकती है। पश्चिम बंगाल के हावड़ा, हुगली, कोलकाता और बांकुरा जिलों में मध्यम से भारी बारिश की संभावना है। इन क्षेत्रों के निवासियों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। इसके अलावा आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में भी भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। इन इलाकों में मौसम संबंधी आपदाओं से बचने के लिए प्रशासन द्वारा सभी जरूरी तैयारियां की जा रही हैं।