बिहार:- लोकसभा चुनाव में बिहार की 243 सीटों में से 174 विधानसभा सीटों पर एनडीए के द्वारा बढ़त बनाए जाने से फील गुड की बातें होने लगी हैं। लेकिन इसमें भाजपा के लिए चिंता का विषय ही शामिल है, जिसे भाजपा के नेता गंभीरता से नही ले रहे हैं। विधानसभा में अभी 78 सीटें भाजपा के पास है, लेकिन लोकसभा चुनाव के बाद भाजपा को केवल 68 सीटों पर बढ़त मिलती दिख रही है। ऐसे में इसको अगर पैमाना माना जाए तो भाजपा को 10 सीटों का नुकसान होता दिख रहा है। उसी तरह लोकसभा चुनाव में जदयू को 72 विधानसभा सीटों पर बढ़त मिली है।
जबकि वर्तमान में उसके पास 44 सीटें हैं। ऐसे में जदयू को 28 विधानसभा सीटों का लाभ मिलता दिख रहा है। उसी तरह एनडीए के अन्य घटक दलों लोजपा(रा) ने लोकसभा चुनाव के दौरान 29 विधानसभा सीटों पर अपना दमखम दिखाने में कामयाब हुई है, जबकि अभी वह विधानसभा में शून्य पर है। वहीं जीतन राम मांझी की पार्टी हिन्दुस्तान आवाम मोर्चा(हम) को 05 सीटों पर बढ़त मिली है।
जबकि वर्तमान में वह 04 सीटों पर काबिज है। उधर महागठबंधन में राजद के लिए भी चिंतनीय विषय है, क्योंकि लोकसभा चुनाव के दौरान उसे मात्र 36 विधानसभा सीटों पर बढत मिली है, जबकि वर्तमान में वह 77 सीटों पर काबिज है। इसी तरह भाकपा-माले के जिम्मे 12 सीटें जाती दिख रही हैं, जबकि अभी उसके पास 12 सीटें हैं हीं, अर्थात उसे कोई नुकसान होता नही दिख रहा है।
वहीं, कांग्रेस को 12 सीटों पर बढत मिली है, जबकि अभी उसके पास 19 सीटें हैं। ऐसे में उसे 7 सीटों का नुकसान होता दिख रहा है। इसी तरह भाकपा को एक, वीआईपी को एक, एआईएमआईएम को दो, पप्पू यादव को चार और हिना शहाब को एक सीटों पर बढत मिली है। इस बीच बिहार में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने अभी से तैयारी शुरू कर दी है।
इसी कड़ी में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और बिहार प्रभारी विनोद तावड़े ने भाजपा कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि उनकी मेहनत के कारण आज केंद्र में तीसरी बार नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री हैं। उन्होंने कहा कि बिहार में एनडीए की जीत सही अर्थों में भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम परिणाम है।
यह परिणाम उनकी मेहनत को दर्शाता है। अगले विधानसभा चुनाव में जीत का दावा करते हुए बीजेपी नेता ने कहा कि इस लोकसभा चुनाव में एनडीए ने बिहार की 243 सीटों में से 174 विधानसभा सीटों पर बढ़त बनाई है, जबकि राजद मात्र 34 सीटों पर आगे रही। उन्होंने कहा कि ये अगले विधानसभा चुनाव के परिणाम के स्पष्ट संकेत हैं।
उन्होंने दावा करते हुए कहा कि अगले विधानसभा चुनाव में एनडीए पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि एनडीए 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में 2010 का भी रिकॉर्ड तोड़ेगी और पूर्ण बहुमत की मजबूत सरकार बनाएगी।
ऐसी अन्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें