बीजपुर/सोनभद्र (राहुल तिवारी)
सोनभद्र (उत्तर प्रदेश):- डीएवी पब्लिक स्कूल,एनटीपीसी, रिहंदनगर में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर प्राचार्य राजकुमार के साथ- साथ शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यालय के आसपास रहने वाले विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों ने क्षेत्र की प्रख्यात योग शिक्षिका प्रभा पांडे के निर्देशन में योग किया।
विद्यालय के प्रार्थना सभागार में सर्वप्रथम विद्यालय के प्राचार्य राजकुमार ने करतल ध्वनि के बीच पुष्पगुच्छ भेंट कर योग शिक्षिका प्रभा पांडे का स्वागत किया। स्वागत संबोधन में प्राचार्य राजकुमार ने कहा कि योग के क्षेत्र में भारत विश्व गुरु की भूमिका निभा रहा है।
उन्होंने योग दिवस एवं योग के महत्व की चर्चा करते हुए बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने 27 सितंबर 2014 को संयुक्त राष्ट्र महासभा में योग दिवस मनाने का प्रस्ताव रखा था जिसे 177देशों के अनुमोदन से 11 दिसंबर 2014 को स्वीकार कर लिया गया और 21 जून 2015 को 170 से भी अधिक देशों में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया।
योग शिक्षका प्रभा पांडे ने बताया कि इस साल 2024 का थीम “स्वयं और समाज के लिए योग” है। इस थीम से स्पष्ट है कि योग न केवल व्यक्तिगत स्वास्थ्य को बढ़ाता है बल्कि सामाजिक कल्याण में भी योगदान देता है। यह थीम व्यक्तिगत एवं सामूहिक स्वास्थ्य के परस्पर संबंध को भी दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि आज देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी छह हजार लोगों के साथ श्रीनगर के डल झील के किनारे योग के द्वारा आतंकवाद के नकारात्मक ऊर्जा को योग के सकारात्मक ऊर्जा में परिवर्तित करने के उद्देश्य से योग कर रहे हैं। विश्व के एक सौ सत्तर से भी अधिक देशों में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर लोग योग कर रहे हैं।
योग हमारे शारीरिक स्वास्थ्य के साथ- साथ मानसिक स्वास्थ्य के लिए भी अति आवश्यक है। योग एकाग्रता और ग्रहण करने की क्षमता को बढ़ाता है। इसलिए विद्यार्थियों को नियमित रूप से योग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि योग हमें निरोग बनाता है। निरोग होने से हम दीर्घायु और ताकतवर होते हैं और अस्पताल का खर्च भी बचता है। इसलिए सभी को पूर्ण मनोयोग से नियमित योग करना चाहिए।
योग शिक्षका प्रभा पांडे ने कहा भारत में “महिला सशक्तिकरण के लिए योग” थीम को भी महत्व दिया गया है। इस थीम का उद्देश्य महिलाओं को सशक्त और स्वस्थ बनाना है। सभागार में उपस्थित सभी श्रोताओं ने इस विचार को बड़ी तन्मयता से सूना और योग किया। सीआईएसएफ के बुद्धिराम राम एवं अखिलेश देव पांडे के साथ अनेक अभिभावकों ने भी योग किया।
अंत में प्राचार्य श्री राजकुमार ने योग शिक्षिका प्रभा पांडे एवं अखिलेश देव पांडे को विद्यालय की ओर से उपहार एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर पूरा विद्यालय परिवार उपस्थित रहा।
Deprecated: File Theme without comments.php is deprecated since version 3.0.0 with no alternative available. Please include a comments.php template in your theme. in /home/u754392520/domains/dastakhindustan.in/public_html/wp-includes/functions.php on line 6114