नई दिल्ली:- दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा और भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने अन्य कार्यकर्ताओं के साथ जल संकट को लेकर दिल्ली सरकार के खिलाफ विरोध मार्च निकाला। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा, “लोग कह रहे हैं कि हम रोजी रोटी कमाएं या पानी के लिए रात भर जागें। लोगों के पास खाना बनाने तक के लिए पानी नहीं है लेकिन दिल्ली की सरकार ने भ्रष्ट प्रशासन के कारण दिल्ली जल बोर्ड को एक सफेद हाथी बनाकर रख दिया है।”
भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने कहा, “हम लोग आज इंदिरा कैम्प में आए हैं। यहां पर माताओं और बहनों को कई बार टॉयलेट के गंदे पानी से काम चलाना पड़ रहा है। यहां पर पानी की पाइपलाइन की दिक्कत है। AAP के विधायक ने कई बड़े वादे किए थे जो झूठे थे। मैं आम आदमी पार्टी की सरकार से निवेदन करना चाहूंगी कि प्रेस वार्ता छोड़िए। जरा देखिए आपने लोगों को किस स्थिति में लाकर खड़ा कर दिया है।”
वहीं दूसरी ओर जल संकट के खिलाफ भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने अन्य कार्यकर्ताओं के साथ मोती बाग कॉलोनी में मार्च निकाला। भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने कहा, “पानी का संकट दिल्ली में लगातार बढ़ रहा है। पिछले 10 सालों में हर साल हर गर्मी में ये समस्या आई है। सवाल ये है कि दिल्ली की सरकार ने पिछले 10 सालों में इस समस्या का स्थायी समाधान निकालने की चेष्टा क्यों नहीं की? इससे स्पष्ट है कि अरविंद केजरीवाल सरकार की दिलचस्पी किसी भी समस्या का हल निकालने में नहीं है।”