भोपाल (मध्य प्रदेश):- गुना में सड़क हादसे में घायल लोगों से मिलने के लिए राज्य के मुख्यमंत्री मोहन यादव अस्पताल पहुंचे। कल रात डंपर से टक्कर के कारण हुए हादसे में 12 लोगों की मृत्यु हो गई और 14 घायल हो गए थे। गुना में सड़क हादसे में घायल लोगों से मिलने के बाद राज्य के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा, “घटना हमारी जानकारी में है।
कल रात 8:30 बजे आमने सामने की टक्कर हुई। दोनों ड्राइवरों की मृत्यु हो गई है। लगभग 13 लोगों के मृत्यु की खबर है। मैं कोशिश कर रहा हूं कि जो भी दोषी है उस पर कार्रवाई हो। RTO को सस्पेंड करने का निर्णय मैंने लिया है। फायर ब्रिगेड भी समय पर पहुंची थी लेकिन अगर वे और जल्दी पहुंचती तो अच्छा रहता।”
वहीं गुना सड़क हादसे पर मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व भाजपा के वरिष्ठ नेता शिवराज सिंह चौहान ने कहा, “आज मैंने गुना प्रशासन से चर्चा कर घटना की जानकारी ली है। अभी पहचान करना भी कठिन हो गया है। मृतकों के केवल कंकाल मात्र बचे हैं। मैं प्रार्थना करता हूं कि मृतकों की दिवंगत आत्मा को भगवान शांति दे। मुख्यमंत्री जी और सरकार हर संभव मदद कर रही है।”