Dastak Hindustan

ग्रीस के दक्षिणी तट पर डूबा जहाज, हुई 79 लोगों की मौत

ग्रीस :- ग्रीस के दक्षिणी तट पर बुधवार को शरणार्थियों से भरे मछली पकड़ने वाले जहाज के डूबने से 79 लोगों की मौत हो गई। हादसे में कई लोग लापता बताए जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि 104 लोगों को बचाया जा चुका है। बचाए गए लोगों में मिस्त्र के 30, पाकिस्तान के 10, सीरिया के 35 और दो फिलिस्तीनी शामिल हैं। यह घटना रात के समय दक्षिणी ग्रीस के पेलोपोनीज क्षेत्र से करीब 75 किलोमीटर दूर हुई।

नाव पर 750 लोगों से सवार होने की आशंका

एक यूरोपीय रेस्क्यू सपोर्ट चैरिटी ने कहा है कि ऐसा माना जाता है कि इस पर लगभग 750 लोग सवार थे। बचाए गए लोगों में से 25 को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अधिकारियों ने बताया कि तलाशी अभियान जारी है। इसमें कोस्ट गार्ड और नौसेना के जहाज, वायु सेना के हेलीकाप्टर के साथ ही ड्रोन शामिल हैं। ऐसा माना जा रहा है कि इटली जा रहा जहाज पूर्वी लीबिया के टोब्रुक क्षेत्र से आया था।

शरणार्थियों को दक्षिणी बंदरगाह कालामाटा में रखा गया

इटली कोस्ट गार्ड की ओर से मंगलवार को इसके संबंध में ग्रीस अधिकारियों को जानकारी दी गई थी। बचाए गए शरणार्थियों को दक्षिणी बंदरगाह कालामाटा में रखा गया है। उन्हें कपड़े, भोजन आदि के साथ ही मेडिकल सुविधा मिली है।

इस तरह की जानकारी के लिए यहां क्लिक करें

शेयर करे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *