उत्तर प्रदेश : उत्तर प्रदेश के संभल में स्थित शाही जामा मस्जिद के इमाम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें प्रदेश में लाउडस्पीकर बैन होने के बाद मस्जिद के इमाम ने अजान देने के लिए अनोखा तरीका अपनाया। इमाम साहब शाही जामा मस्जिद की छत पर चढ़ गए और तेज आवाज में अजान देने लगे ताकि नमाजियों तक उनकी अजान की आवाज पहुंच जाए। उनका ये वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
मुसलमान दिन भर में पांच वक्त की नमाज पढ़ते हैं। मस्जिदों में हर नमाज से पहले अजान देने की परंपरा है। जो पैगंबरे इस्लाम के दौर से चली आ रही है। अजान देने से नमाजियों को नमाज का वक्त मालूम होता है। इसलिए हर मस्जिद पर अजान दी जाती है जिससे नमाजी नमाज के वक्त मस्जिद आ सकें। इसके लिए मस्जिदों पर लाउड स्पीकर भी लगाए गए। ध्वनि प्रदूषण की वजह से इस पर बैन लगाया गया और धार्मिक स्थलों से इन्हें उतरवा दिए।
मस्जिद की छत पर चढ़कर दी अजान
नमाजियों को नमाज के लिए संभल की शाही जामा मस्जिद के इमाम ने अनोखा तरीका अपनाया। अजान की आवाज नमाजियों तक पहुंचे इसके लिए वह मस्जिद की छत पर चढ़ गए। उन्होंने छत से अजान लगाई जिससे उनकी आवाज दूर तक सुनाई दी। इमाम साहब को छत से अजान देते हुए किसी ने वीडियो रिकॉर्ड कर लिया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। उनका यह वीडियो लोग खूब शेयर कर रहे हैं।