नई दिल्ली:- दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी ने अपनी नई मुख्यमंत्री का नाम घोषित कर दिया है। रेखा गुप्ता अब दिल्ली की मुख्यमंत्री होंगी। वह 20 फरवरी को रामलीला मैदान में शपथ लेंगी जहां उनके साथ मंत्री भी शपथ लेंगे।
बीजेपी के केंद्रीय पर्यवेक्षकों रविशंकर प्रसाद और ओपी धनखड़ की मौजूदगी में विधायकों ने रेखा गुप्ता के नाम पर सहमति जताई। दिल्ली में बीजेपी की जीत के बाद मुख्यमंत्री के नाम को लेकर कई दिन तक चर्चा चलती रही थी।
दिल्ली की आठवीं मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता बनेंगी। इससे पहले दिल्ली में कई प्रमुख नेता मुख्यमंत्री रह चुके हैं जैसे शीला दीक्षित, अरविंद केजरीवाल, सुषमा स्वराज आदि।
बीजेपी ने 27 साल बाद दिल्ली में सरकार बनाई है। पार्टी ने 48 सीटों पर जीत हासिल की जबकि आम आदमी पार्टी (आप) केवल 22 सीटों पर सिमट गई। इससे पहले 2020 और 2015 में ‘आप’ ने बड़ी जीत हासिल की थी।
बीजेपी ने चुनाव के दौरान मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार का नाम छुपा रखा था जिसपर आम आदमी पार्टी ने सवाल उठाए थे।