संभल (उत्तर प्रदेश):- उत्तर प्रदेश के संभल जिले में गणतंत्र दिवस से पहले जामा मस्जिद में देशप्रेम, एकता और सौहार्द का दुर्लभ नज़ारा देखने को मिला। शुक्रवार को जुमे की नमाज़ के बाद नमाजियों ने तिरंगा लहराकर ‘हिंदुस्तान जिंदाबाद’ के नारे लगाए। मस्जिद परिसर में लोगों ने आपसी भाईचारे और देशभक्ति का संदेश दिया जिससे माहौल में सकारात्मकता और शांति का संदेश फैला।
पिछले साल 24 नवंबर को संभल की जामा मस्जिद के अंदर सर्वे के दौरान इलाके में हिंसा भड़क गई थी। मस्जिद के आस-पास के क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल हो गया था जिसमें पुलिस को भी स्थिति को नियंत्रित करने के लिए हस्तक्षेप करना पड़ा था। इस घटना के बाद इलाके में हर शुक्रवार को जुमे की नमाज के समय अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए जाने लगे।
इस शुक्रवार को जामा मस्जिद में माहौल पूरी तरह बदला हुआ नजर आया। जुमे की नमाज के बाद मस्जिद में देशभक्ति के नारे लगे और कई लोगों ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस पहल को सभी धर्मों के लोगों ने सराहा। मस्जिद के इमाम ने कहा कि यह कदम इलाके में शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए उठाया गया है।
स्थानीय प्रशासन ने इस पहल की सराहना की और इसे एक सकारात्मक संदेश के रूप में देखा। अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में अब शांति है और इस तरह की गतिविधियां सामाजिक एकता को मजबूत करने का काम करेंगी। संभल की यह घटना पूरे देश के लिए एक उदाहरण है कि आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ हर समस्या का समाधान निकाला जा सकता है।