Dastak Hindustan

बीजेपी का घोषणापत्र: बुजुर्गों के लिए 10 लाख का स्वास्थ्य बीमा, गरीबों को 5 रुपये में पौष्टिक भोजन

नई दिल्ली:- दिल्ली में आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार को अपना चुनावी घोषणापत्र जारी किया। इसे ‘संकल्प पत्र’ नाम दिया गया है। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने इस मौके पर कहा कि यह घोषणापत्र दिल्ली को विकसित राजधानी बनाने की दिशा में उठाया गया कदम है। भाजपा ने इसमें महिलाओं, बुजुर्गों, गरीबों और युवाओं के लिए कई बड़े वादे किए हैं।

मुख्य घोषणाएं:

मुफ्त बिजली और पानी जारी रहेगा:

भाजपा ने वादा किया है कि दिल्ली में पहले से मिल रही मुफ्त बिजली और पानी की सुविधा जारी रखी जाएगी।

महिलाओं के लिए योजनाएं:

महिलाओं को 2500 रुपये प्रतिमाह दिए जाएंगे। गर्भवती महिलाओं को 21 हजार रुपये नकद और न्यूट्रिशन किट दी जाएगी। होली और दीवाली पर गरीब महिलाओं को दो मुफ्त गैस सिलेंडर दिए जाएंगे। गरीब महिलाओं को 500 रुपये में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा।

स्वास्थ्य सेवाएं:

दिल्ली के 51 लाख लोगों को आयुष्मान भारत योजना का लाभ मिलेगा। दिल्ली सरकार की ओर से 5 लाख और केंद्र की ओर से 5 लाख का स्वास्थ्य बीमा जोड़कर कुल 10 लाख का स्वास्थ्य बीमा मिलेगा।

पेंशन योजनाएं:

60 से 70 वर्ष के बुजुर्गों को 2500 रुपये प्रतिमाह पेंशन दी जाएगी। दिव्यांग, विधवा और वंचित वर्ग की पेंशन को 2500 से बढ़ाकर 3000 रुपये किया जाएगा।

गरीबों के लिए अटल कैंटीन योजना:

झुग्गी बस्तियों में रहने वाले गरीबों को 5 रुपये में पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाएगा।

युवाओं और शिक्षा पर ध्यान:

भाजपा ने वादा किया है कि रोजगार के नए अवसर पैदा किए जाएंगे। स्कूलों और कॉलेजों में तकनीकी शिक्षा पर जोर दिया जाएगा।

जेपी नड्डा ने क्या कहा?

भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा ने राजनीतिक संस्कृति को बदला है। अब घोषणाएं केवल कागज तक सीमित नहीं रहतीं उन्हें धरातल पर भी उतारा जाता है। उन्होंने कहा कि मोदी की गारंटी, गारंटी पूरे होने की गारंटी है।

उन्होंने आम आदमी पार्टी (AAP) और अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि कोरोना संकट के समय दिल्ली सरकार ने पूर्वांचल के लोगों को अनदेखा किया और उनकी मदद करने के बजाय आनंद विहार ले जाकर छोड़ा। वहीं भाजपा सरकार ने वैक्सीनेशन और सेवा कार्यों में अपनी जिम्मेदारी निभाई।

दिल्ली में विधानसभा चुनाव 5 फरवरी को होंगे और नतीजे 8 फरवरी को घोषित किए जाएंगे। भाजपा का यह घोषणापत्र दिल्ली में एक मजबूत और समृद्ध राजधानी की दिशा में पार्टी की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

शेयर करे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *