देहरादून (उत्तराखंड):- नानकमत्ता गुरुद्वारा डेरा प्रमुख तरसेम सिंह की गोली मारकर हत्या के मामले पर उत्तराखंड के पुलिस महानिदेशक अभिनव कुमार ने बताया, “मैं घटना स्थल का आया हूं। घटनास्थल का निरीक्षम किया। मैंने डेरा के प्रमुख लोगों से भी बातचीत की और उन्हें आश्वासन दिया कि यह एक बहुत बड़ी और दुर्भाग्यपूर्ण घटना है और दुख की इस घड़ी में उत्तराखंड पुलिस, जनता और सरकार उनके साथ है। हमने जांच के लिए अपने सर्वश्रेष्ठ पुलिसकर्मियों को लगाया है। आसपास के राज्यों की पुलिस से भी संपर्क किया है। जांच की जा रही है। एक SIT का गठन किया गया है। अगर इसके पीछे कोई बड़ी साजिश है , उसका भी जल्द खुलासा करेंगे। हमें लगातार जानकारी मिल रही है। हमारी सबसे बड़ी चुनौती जानकारी को सत्यापित करना है।”
वहीं इस घटना के चश्मदीद गवाह ने बताया कि गुरुवार सुबह जैसे ही बाबा तरसेम सिंह गुरुद्वारा परिसर से बाहर आए तो दो अज्ञात हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग करनी शुरू कर दी। उन्हें अस्पताल ले जाया गया लेकिन उन्होंने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
उनकी हत्या के बाद से ही अस्पताल के बाहर भारी भीड़ जुटी हुई है। उन्होंने एक महीने पहले ही अपनी हत्या की आशंका जाहिर करते हुए फेसबुक पोस्ट की थी। कहा जा रहा है कि उनका गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी से विवाद चल रहा था। इस घटना से सिखों में भारी रोष है।