पटना (बिहार):- बिहार के उप मुख्यमंत्री सह पर्यटन मंत्री तेजस्वी यादव इन दिनों जापान के दौरे पर हैं। उन्होंने गुरुवार को कहा कि जिन ऐतिहासिक स्थलों से गुजरते हुए राजकुमार सिद्धार्थ चले, ध्यान किया और बुद्धत्व का ज्ञान प्राप्त किया, उस बिहार में आप सभी का स्वागत है।
जिस धरती पर दुनिया के महान तीर्थयात्रियों को इतिहास का खजाना मिला, जिस भूमि पर सभ्यता और संस्कृति अपनी गहरी जड़ें शताब्दियों पूर्व ही जमा चुकी थी, उस संस्कृति से रूबरू होने की चाह रखने वाले दुनिया भर के पर्यटकों का बिहार में स्वागत है।
तेजस्वी जापान की राजधानी टोक्यो में इन्क्रेडिबल इंडिया द्वारा आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार राज्य में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। उपमुख्यमंत्री ने इस बेहतरीन कार्यक्रम के आयोजन के लिए जापान एसोसिएशन ऑफ ट्रैवल एजेंट्स (जेएटीए) 2023 के आयोजकों और भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय को भी धन्यवाद दिया।
उपमुख्यमंत्री द्वारा गुरुवार को जापान के जाटा ट्रैवेल शो में इन्क्रेडिबल इंडिया और बिहार पैवेलियन की संयुक्त रूप से शुरूआत भी की गयी, जहां अगले चार दिनों तक बिहार के पर्यटन स्थलों की अंतरराष्ट्रीय ब्रांडिंग होगी।
कार्यक्रम में तेजस्वी ने अपने संबोधन में कहा कि बिहार राज्य में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। बिहार कई धर्मों की जन्मस्थली और आध्यात्मिक जागृति की भूमि है। उन्होंने कहा कि बिहार में बौद्ध सर्किट को दो प्रमुख भौगोलिक क्षेत्रों में विभाजित किया जा सकता है। गंगा नदी के दक्षिण में हमारे पास बोधगया, राजगीर और नालंदा हैं जबकि गंगा नदी के उत्तर में हमारे पास वैशाली, पूर्वी और पश्चिमी चंपारण हैं।
Deprecated: File Theme without comments.php is deprecated since version 3.0.0 with no alternative available. Please include a comments.php template in your theme. in /home/u754392520/domains/dastakhindustan.in/public_html/wp-includes/functions.php on line 6114