Dastak Hindustan

नारी शक्ति वंदन अधिनियम का पारित होना भाजपा की वैचारिक जीत : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

नई दिल्ली:- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जन्म जयंती पर उनकी प्रतिमा का अनावरण करने के बाद उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि उनकी जयंती से पहले पिछले सप्ताह ही भाजपा के नेतृत्व में नारी शक्ति वंदन अधिनियम पास हुआ है।

प्रधानमंत्री मोदी ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानव दर्शन के सिद्धांत का जिक्र करते हुए कहा कि यह पंडित दीनदयाल उपाध्याय की विचार का ही विस्तार है। राजनीति में महिलाओं की उचित भागीदारी के बिना समावेशी समाज की बात नहीं कर सकते हैं इसलिए संसद से नारी शक्ति वंदन अधिनियम का पारित होना न केवल हमारे लोकतंत्र की जीत है बल्कि यह भारतीय जनता पार्टी के तौर पर हमारी वैचारिक जीत भी है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके अंत्योदय और एकात्म मानववाद के सिद्धांत का जिक्र करते हुए कहा कि आज अपने सामर्थ्य से भारत ने जब अपनी छवि को बदला है तो विदेशों में आम भारतीय को भी सम्मान की नजर से देखा जाता है। दुनिया चंद्रयान 3 की सफलता के बाद विदेशों में भारतीयों को बधाई दे रही है, जी-20 के सफल सम्मेलन का जिक्र किया जा रहा है और इसके लिए भारत ने अपने आपको बदला नहीं है बल्कि भारत की संस्कृति को ही दुनिया के सामने रखा है।

उन्होंने कहा कि अगर पंडित दीनदयाल उपाध्याय की अचानक और रहस्यमय मृत्यु नहीं हुई होती तो भारत का भाग्य दशकों पहले ही बदलना शुरू हो चुका होता। प्रधानमंत्री ने अंत्योदय सिद्धांत के तहत आखिरी व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने की सरकारी योजनाओं और उपलब्धियों को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं से यह अपील भी की कि उन्हें सारी योजनाओं की जानकारी लेकर समाज के अंतिम व्यक्ति तक जाना चाहिए।

उन्होंने यह भी कहा कि यह कितना सुखद और अद्भुत संयोग है कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा इस पार्क में लगी है और पार्क के सामने ही भाजपा का कार्यालय है। भाजपा कार्यालय के सामने लगी पंडित दीनदयाल उपाध्याय की यह प्रतिमा हमारे ऊर्जा का स्रोत बनेगी, हमें हमारे अंत्योदय के संकल्प की बार-बार याद दिलाती रहेगी।

इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें 

शेयर करे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *