नई दिल्ली:– राष्ट्रीय राजधानी में तेज बारिश हुई। वीडियो मंडी हाउस से है। दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में बारिश हो रही है। नोएडा में जहां मंगलवार को मौसम का मिजाज बदला। वहीं बुधवार तड़के बारिश ने दिल्ली का मौसम सुहाना बना दिया है। बरसात ने बेशक उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत दी है लेकिन इसका असर यमुना के जलस्तर पर पड़ सकता है। निचले इलाकों में फिर से बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है।
मंगलवार शाम पांच बजे यमुना खतरे के निशान से ऊपर 205.35 मीटर पर बह रही है। दिल्ली में बीते दो दिन से यमुना का जलस्तर 206 मीटर से ऊपर चल रहा था। केंद्रीय जल आयोग का कहना है कि जलस्तर में अभी मामूली उतार-चढ़ाव जारी रहेगा। लेकिन बारिश एक बार फिर दिल्ली में बाढ़ की स्थिति पैदा कर सकती है।
दिल्ली में अगले तीन दिनों में अच्छी बारिश के आसार हैं। इससे अधिकतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट की संभावना है। इस दौरान उमस और गर्मी से राहत मिलेगी। मंगलवार को दिल्ली की मानक वेधशाला सफदरजंग में दिन का अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री ज्यादा है। वहीं, न्यूनतम तापमान 28.3 डिग्री सेल्सियस रहा जो कि सामान्य से एक डिग्री ज्यादा है। यहां पर आर्द्रता का स्तर 83 से 60 फीसदी के बीच रहा। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले तीन दिनों में दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में मध्यम बारिश के आसार हैं।
उत्तर प्रदेश के रहने वाले लोगों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। यहां यूपी के सकौती टांडा, मेरठ, बागपत, हापुड़, देवबंद, शामली, बिजनौर, खतौली, हस्तिनापुर, बड़ौत, दौराला, खेकड़ा, मोदीनगर, किठौर, गढ़मुक्तेश्वर, पिलखुआ, गुलौती, सियाना, सहारनपुर, गंगोह, नजीबाबाद, कांधला, चांदपुर में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज होगी। इन इलाकों में बाढ़ और जलजमाव की समस्या भी देखने को मिलेगी। नोएडा में तो तेज बारिश के बाद जिला प्रशासन ने बच्चों की सुविधा का ख्याल रखते हुए स्कूलों को बंद कर दिया है। जिला प्रशासन की तरफ से
सभी स्कूलों की छुट्टियों का आदेश दिया है। ऐसे में आज 26 जुलाई को नर्सरी से बारहवीं तक के सभी स्कूलों में ताला लगा रहेगा।