अंबाला (हरियाणा):- भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने एक नया इतिहास रच दिया है। उन्होंने हरियाणा के अंबाला वायुसेना स्टेशन से राफेल लड़ाकू विमान में उड़ान भरकर देश की पहली ऐसी राष्ट्रपति बन गई हैं जिन्होंने भारतीय वायुसेना के दो अलग अलग लड़ाकू विमानों में उड़ान भरी है। इस अवसर पर वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल ए पी सिंह ने भी उसी एयरबेस से एक अन्य विमान में उड़ान भरी।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उड़ान से पहले वायुसेना के अधिकारियों से विमानों की तकनीक और उड़ान प्रक्रिया की जानकारी ली। उन्होंने वायुसेना द्वारा अपनाई जा रही सुरक्षा और प्रशिक्षण प्रणाली की भी सराहना की। राफेल विमान में बैठने से पहले राष्ट्रपति ने वायुसेना की परंपरा के अनुसार जी सूट और हेलमेट धारण किया। उन्होंने सनग्लास लगाकर और पायलट के साथ तस्वीरें खिंचवाकर एक प्रेरणादायक दृश्य प्रस्तुत किया जिसने हर भारतीय को गर्व से भर दिया।
यह उड़ान न केवल प्रतीकात्मक थी बल्कि यह महिला सशक्तिकरण और राष्ट्र की सैन्य शक्ति दोनों का प्रतीक भी बन गई। इससे पहले अप्रैल 2023 में राष्ट्रपति मुर्मू ने असम के तेजपुर वायुसेना स्टेशन से सुखोई 30 एमकेआई विमान में उड़ान भरी थी। राफेल उड़ान के साथ उन्होंने भारतीय वायुसेना के आधुनिक विमानों की क्षमता को करीब से समझने का अवसर प्राप्त किया।
राष्ट्रपति मुर्मू का यह कदम देश के युवाओं विशेष रूप से महिलाओं को राष्ट्र सेवा के प्रति प्रेरित करेगा। उन्होंने साबित कर दिया कि देश की सर्वोच्च संवैधानिक पद पर आसीन व्यक्ति भी साहस और समर्पण का उदाहरण बन सकता है। उनकी यह ऐतिहासिक उड़ान भारतीय वायुसेना के गौरवशाली इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज हो गई है।






Deprecated: File Theme without comments.php is deprecated since version 3.0.0 with no alternative available. Please include a comments.php template in your theme. in /home/u754392520/domains/dastakhindustan.in/public_html/wp-includes/functions.php on line 6114