फिरोजाबाद (उत्तर प्रदेश):- फिरोजाबाद की एक महिला कंडक्टर भागते हुए थाने पहुंची। थाने पहुंचते ही महिला कंडक्टर फूट-फूटकर रोने लगी। इस दौरान थाने में अफरातफरी का माहौल बन गया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी लगातार उसे समझाने का प्रयास कर रहे थे। लेकिन महिला कंडक्टर सिर्फ रोये जा रही थी। महिला सिपाही ने उसे समझा-बुझाकर किसी तरह संभाला। रसूलपुर थाने पहुंची औरैया डिपो की महिला बस कंडक्टर ने बताया कि रसूलपुर चौराहे पर सवारियां उतारने के लिए उसने बस रुकवाई थी।
दो तीन सवारियां उतरी थीं तब तक चौराहे की रेड लाइट ऑन हो गई। इसपर उसने चालक से बस आगे बढ़ाने को कहा। इसी बीच बस में बैठा फिरोजाबाद निवासी फैयाज महिला कंडक्टर पर भड़क गया। उसने बिना बातचीत महिला कंडक्टर पर हमला कर दिया। बस में बैठे यात्रियों ने बीच बचाव करने लगे तो आरोपी ने उन्हें भी पीट दिया। इससे घबराई महिला कंडक्टर बस से उतरकर सीधे थाने जा पहुंची।
कार्यवाहक थाना प्रभारी रसूलपुर सामून अली ने बताया कि महिला कंडक्टर बहुत घबराई हुई थी। आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया है। महिला कंडक्टर की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। सवारी उतारने को लेकर दोनों में विवाद हुआ था। फिलहाल आरोपी थाने में है। मुकदमा दर्ज होने के बाद आगे की कार्रवाई की जा रही है।