संभल (उत्तर प्रदेश):- राहुल गांधी के प्रस्तावित संभल दौरे को लेकर राजनीति गर्मा गई है। योगी सरकार में आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल ने इसे “राजनीतिक पर्यटन” करार दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी (सपा) के नेता जानबूझकर शांति भंग करने का प्रयास कर रहे हैं। मंत्री अग्रवाल ने कहा कि संभल में जामा मस्जिद का सर्वे कोर्ट के आदेश पर हो रहा था। इसके बावजूद सपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने माहौल खराब किया जिससे हिंसा भड़क गई। उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान में स्थिति सामान्य हो रही है लेकिन विपक्षी दल इसे फिर से खराब करने की कोशिश कर रहे हैं।
राहुल गांधी बुधवार को हिंसा में मारे गए लोगों के परिवारों से मिलने के लिए संभल का दौरा कर सकते हैं। इस खबर के बाद पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया है। पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार ने बताया कि जिले की सीमाओं पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। उन्होंने कहा कि कोर्ट के आदेश के अनुसार 10 दिसंबर तक बाहरी लोगों के संभल में प्रवेश पर रोक है।
नितिन अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि कोई माहौल बिगाड़ने की कोशिश करता है तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस केवल राजनीतिक लाभ के लिए ऐसे स्थानों का दौरा करती है।
राहुल गांधी के संभावित दौरे को देखते हुए पुलिस ने जिले में चौकसी बढ़ा दी है। संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। साथ ही यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि किसी भी अप्रिय स्थिति को तुरंत नियंत्रित किया जा सके। संभल की स्थिति और राहुल गांधी के दौरे को लेकर सभी की नजरें अब इस बात पर टिकी हैं कि आगे क्या घटनाक्रम सामने आता है।