सोनभद्र से विवेक मिश्रा की स्पेशल रिपोर्ट:
सोनभद्र (उत्तर प्रदेश):- शक्तिनगर पुलिस को बड़ी कामयाबी हासिल हुई है। पुलिस ने उत्तर प्रदेश, बिहार और अन्य राज्यों में मोबाइल चोरी करने वाले एक अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस अभियान में पुलिस ने 60 मल्टीमीडिया मोबाइल फोन (अनुमानित कीमत 12 लाख रुपये) बरामद किए हैं। साथ ही 5 अंतर्राज्यीय अभियुक्तों और एक बाल अपचारी को गिरफ्तार कर लिया गया है। यह मामला 24 अक्टूबर 2024 का है जब शाम 5:40 बजे बीना मार्केट में अज्ञात लड़कों ने झपट्टा मारकर मोबाइल चुरा लिया। इस घटना की जानकारी थाना शक्तिनगर में दर्ज कराई गई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई का निर्णय लिया। पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक कालू सिंह और क्षेत्राधिकारी अमित कुमार पिपरी के नेतृत्व में विशेष अभियान चलाया गया जिसमें संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की गहनता से चेकिंग की जा रही थी।
मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने सण्डे मार्केट में एक गिरोह के सदस्यों को पकड़ने के लिए कार्रवाई शुरू की। मुखबिर ने बताया कि कुछ अजनबी लड़के भीड़ का फायदा उठाकर मोबाइल चोरी की फिराक में हैं। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए इस गिरोह के 5 अभियुक्तों और एक बाल अपचारी को मौके पर गिरफ्तार कर लिया। इनसे अलग-अलग कंपनियों के 60 मोबाइल फोन बरामद किए गए। गिरफ्तार अभियुक्तों ने पूछताछ में बताया कि वे अनपरा में किराये पर रहकर विभिन्न राज्यों में भीड़-भाड़ वाले इलाकों में मोबाइल चोरी का काम करते थे। चोरी किए गए मोबाइलों को बिहार और बंगाल में बेचकर पैसा कमाते थे। उनके मुताबिक वे हर 4 से 6 महीने में इस तरह की घटनाओं को अंजाम देते थे।
गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण
कुन्दन कुमार महतो (36 वर्ष) – निवासी तीन पहाड़, साहेबगंज, झारखंड।
गौतम कुमार महतो (39 वर्ष) – निवासी तीन पहाड़, साहेबगंज, झारखंड।
अर्जुन मंडल (18 वर्ष) – निवासी बास केला, तेलझाड़ी, साहेबगंज, झारखंड।
गोविन्द कुमार महतो (25 वर्ष) – निवासी तीन पहाड़, साहेबगंज, झारखंड।
गोगा नोनिया (42 वर्ष) – निवासी तीन पहाड़, साहेबगंज, झारखंड।
एक बाल अपचारी – नाम गोपनीय।
गौतम कुमार महतो, कुन्दन कुमार महतो, गणेश उर्फ गोगा नोनिया और अर्जुन मंडल का आपराधिक इतिहास भी रहा है। इनमें से कुछ के खिलाफ विभिन्न राज्यों में चोरी और अन्य आपराधिक मामलों में कई केस दर्ज हैं।
बरामद मोबाइलों का विवरण
विवो – 25 अदद
ओप्पो – 8 अदद
सैमसंग – 7 अदद
रियल मी – 5 अदद
वन प्लस – 4 अदद
रेडमी – 3 अदद
पोको – 3 अदद
नारजो – 2 अदद
आई फोन, लावा, मोटो जी – 1-1 अदद
इस कामयाबी को हासिल करने वाली पुलिस टीम में थाना प्रभारी कुमुद शेखर सिंह, उपनिरीक्षक संजय कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल माघवेन्द्र सिंह, कांस्टेबल दिनेश कुमार यादव, सौरभ यादव और मुकेश सोनकर शामिल थे। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे भीड़-भाड़ वाले इलाकों में सतर्क रहें और अपने मोबाइल और कीमती सामान की सुरक्षा का ध्यान रखें।