मथुरा(उत्तर प्रदेश):-मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को मांट विधानसभा क्षेत्र में जनसभा को संबोधित किया। भारत माता की जय और बांकेबिहारी लाल की जय के साथ अपना भाषण शुरू किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि दो सौ करोड़ की योजनाओं से क्षेत्र का विकास होगा। ब्रज भूमि ने धर्म-सत्य और न्याय के साथ-साथ उल्लास और उमंग का माहौल कैसा होना चाहिए ये संदेश दिया है। इस भूमि पर जन्म लेकर भगवान श्रीकृष्ण ने इसे धन्य किया। अपनी लीलाओं के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण ने पांच हजार साल पहले ही आज की पीढ़ी को नई दिशा देने का काम किया था। यहां के कण-कण और रज-रज में भगवान की लीला विराजमान है। पूर्व की सरकारों ने ब्रज भूमि ही नहीं पूरे उत्तर प्रदेश को बदनाम किया। उत्तर प्रदेश बाबा विश्वनाथ की भूमि है। मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम, श्रीकृष्ण की भूमि है। कुंभ की भूमि है। उन्होंने समाजवादी पार्टी, कांग्रेस और बहुजन समाज पार्टी पर कोरोना के समय होम आइसोलेशन में रहने का तंज कसते हुए कहा कि अभी कुछ साल और आइसोलेशन में रहें, सत्ता नहीं मिलने वाली।
उत्तर प्रदेश में भारत की आत्म निवास करती है
मुख्यमंत्री ने अपने भाषण में कहा कि भारत की आत्मा उत्तर प्रदेश में निवास करती है। लेकिन पिछली सरकारों ने प्रदेश की छवि को धूमिल किया। दंगे उत्तर प्रदेश की पहचान बन गए थे। कारोबार के लिए कोई निवेश नहीं करना चाहता था। नौजवानों को रोजगार नहीं मिलता था। विकास की परिभाषा प्रदेश नहीं, परिवार हो गया था। ये वहीं प्रदेश में जहां बिजली देने में भेदभाव होता था। सिर्फ चार जिलों में बिजली आती थी। कुछ वीआईपी जनपद बना दिए थे। विकास की सभी योजनाओं पर वहीं पर केंद्रित कर बंदरबांट होता था। लेकिन जनता ने 2017 में आशीर्वाद दिया और विकास की योजनाओं को पंख लगे।