नई दिल्ली:- राज्यसभा में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं। मैं देश के लिए कुछ स्पष्ट करना चाहता हूं। वे पूर्व चेतावनी की बात करते रहे हैं। मैं स्पष्ट करना चाहता हूं कि 23 जुलाई को भारत सरकार ने केरल सरकार को पूर्व चेतावनी दी थी-घटना से 7 दिन पहले और फिर 24 और 25 जुलाई को भी पूर्व चेतावनी दी गई। 26 जुलाई को चेतावनी दी गई कि 20 सेमी. से अधिक भारी वर्षा की संभावना है और भूस्खलन की संभावना है। मिट्टी का बहाव हो सकता है और इसमें लोगों की जान जा सकती है। भारत सरकार की पूर्व चेतावनी प्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। सरकार ने 2014 के बाद पूर्व चेतावनी प्रणाली के लिए 2000 करोड़ रुपये खर्च किए हैं।
भूस्खलन पर कांग्रेस सांसद के.सी. वेणुगोपाल ने कहा कि वायनाड त्रासदी के बारे में कहने के लिए एक शब्द भी नहीं है। बहुत सारे शव बरामद हुए हैं और बहुत से लोग लापता हैं। हमें इस प्रकार की आपदाओं को रोकने के लिए दीर्घकालिक और अल्पकालिक रणनीतियों की आवश्यकता है।
कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि हम सबने वायनाड की स्थिति को गंभीरता से लिया है। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा वहां जाने वाले हैं। हमारी पार्टी के सभी कार्यकर्ता वहां पुनर्वास के लिए जुटे हुए हैं। यह बहुत बड़ी दुखद घटना है। यह राष्ट्रीय आपदा है और इसपर सभी लोगों को मिलकर काम करना चाहिए। हमने यह मुद्दा कल राज्यसभा में भी उठाया था।