मुंबई(महाराष्ट्र):- महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि आज मंत्रिमंडल उपसमिति की बैठक में बहुत बड़ा निर्णय हुआ है। 81 हजार करोड़ रुपये के निवेश को मंजूरी दी गई है। जिससे 20 हजार नौकरियां पैदा होंगी। कल भी कई एमओयू साइन होंगे। जिसके बाद सेमीकंडक्टर में 1 लाख से ज्यादा निवेश यहां होंगे। उद्योग यहां आ रहे हैं। उन्हें जो भी मदद चाहिए। हमारी सरकार दे रही है। हमने उदार नीति अपनाई है जिसके कारण उद्योग यहां प्राथमिकता देते हैं। इससे रोजगार पैदा होंगे और हम जल्द ही 5 ट्रिलियन अर्थव्यवस्था का लक्ष्य हासिल करेंगे।
उन्होंने कहा कि जेएसडब्ल्यू ग्रीन मोबिलिटी लिमिटेड कंपनी इलेक्ट्रिक और हाइब्रिड वाहन बनाने के लिए राज्य में पहली बार अतिविशाल परियोजना लगाएगी। यह कंपनी छत्रपति संभाजीनगर में निवेश करेगी। इस परियोजना के लिए कंपनी 27 हजार 200 करोड़ रुपए का निवेश करेगी। इससे 5200 से अधिक रोजगार का सृजन होगा। कंपनी ने वार्षिक 5 लाख इलेक्ट्रिक यात्री कार और 1 लाख व्यावसायिक कार के निर्माण का लक्ष्य रखा है।
मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के आवास पर एक बड़ी बैठक हुई। इस बैठक में दोनों डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस और अजित पवार मौजूद थे। सीएम आवास पर ये बैठक लगभग डेढ़ घंटे चली। रात के लगभग दो बजे बैछक खत्म होने के बाद फडणवीस और अजित पवार सीएम आवास से रवाना हुए।
आरआरपी इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनी सेमीकंडक्टर चिप के निर्माण के लिए एकात्मिक परियोजना रायगड के तलोजा पनवेल, पुणे और शेष महाराष्ट्र में स्थापित करेगी। सेमीकंडक्टर चिप निर्माण करने वाली राज्य की पहली परियोजना के प्रथम चरण में 12 हजार करोड़ रुपए का निवेश होगा। इससे 4 हजार से अधिक रोजगार का सृजन होगा। दूसरे चरण में भी 12 हजार करोड़ रुपए का निवेश करेगा। नवी मुंबई के महापे में पायलेट प्रोजेक्ट के रूप में सितंबर 2024 से यह परियोजना शुरू होगी।