रांची (झारखंड):- झारखंड के मंत्री और कांग्रेस नेता आलमगीर आलम को रांची की विशेष पीएमएलए अदालत से ले जाया जा रहा है। उनके निजी सचिव संजीव लाल के घरेलू सहायक से भारी नकदी की बरामदगी के मामले में उन्हें छह दिनों के लिए ED की रिमांड पर भेजा गया है। उन्हें ईडी ने टेंडर कमीशन घोटाले में बुधवार को गिरफ्तार किया था।
एजेंसी ने एक लिंक्ड फ्लैट से 32 करोड़ रुपये से अधिक नकदी की जब्ती के बाद आलम के निजी सचिव, संजीव कुमार लाल और लाल के घरेलू सहायक, जहांगीर आलम को गिरफ्तार किया था। मनी लॉन्ड्रिंग जांच राज्य ग्रामीण विकास विभाग में कथित अनियमितताओं और “रिश्वत” के भुगतान से संबंधित है।
वहीं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा,” लूट और भ्रष्टाचार की सजा भुगतनी ही पड़ेगी। कांग्रेस भ्रष्टाचार की जननी, पोषक और संरक्षक है। कांग्रेस राज्य में जब-जब सत्ता में शामिल आई, लूटने में कोई कसर नहीं छोड़ी। ईडी की कार्रवाई से काले कारनामों की परत खुल रही है। लूट के खजाने मिल रहे है। केंद्रीय जांच एजेंसियां जनता की गाढ़ी कमाई को वसूलने की कार्रवाई कर रही है।”