पटना(बिहार ):- विपक्ष दलों की बैठक में भाग लेने के लिए कांग्रेस के दिग्गज नेता राहुल गांधी कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के साथ पटना पहुंचे। शुक्रवार सुबह 10 बजे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उनका एयरपोर्ट पर स्वागत किया। इसके बाद दोनों नेता सीधे कांग्रेस प्रदेश कार्यालय सदाकत आश्रम पहुंचे। इस दौरान नेताओं-कार्यकर्ताओं को संबोधित करते राहुल गांधी ने कहा कि अब देश समझ गया है मोदी और भाजपा सिर्फ 2-3 लोगों को फायदा पहुंचाएगी, जबकि कांग्रेस का मतलब गरीबों के लिए काम करना है। उन्होंने कहा कि बिहार से कांग्रेस का गहरा जुड़ाव रहा है और अब हिदुस्तान में विचारधारा की लड़ाई चल रही है।
उसमें विपक्षी दलों की बैठक में कांग्रेस साथ खड़ी है। राहुल गांधी ने कहा कि आज देश में दो प्रकार की विचारधारा चल रही है। एक ओर कांग्रेस की भारत जोड़ो की विचारधारा है तो दूसरी ओर भाजपा है जो हिंदुस्तान को तोड़ने का काम कर रही है। भाजपा हिंदुस्तान को तोड़ने, नफरत और हिंसा फैलाने का काम कर रही है।
वहीं, कांग्रेस जोड़ने का काम कर रही है। राहुल गांधी ने अपने संबोधन में कार्यकर्ताओं को ‘बब्बर शेर’ कहा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा बिहार के डीएनए में है क्योंकि भारत जोड़ो पदयात्रा के दौरान मुझे हर स्टेट में बिहार के लोग मिले। उन्होंने कहा कि पटना में आज देश के सभी विपक्षी पार्टियां आई हैं। हम सब एक साथ मिलकर भाजपा को हराएंगे।
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडगे ने सदाकत आश्रम को लेकर कहा कि इस कांग्रेस ऑफिस से जो भी नेता निकला, वे देश के आजादी के लिए लड़ा। हमें गर्व है कि देश के पहले राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद जी इसी धरती से थे, अगर हम बिहार जीत गए तो सारे भारत में हम जीत जाएंगे।
2024 लोकसभा चुनाव में भाजपा को हराने पर जोर देते हुए खड़गे ने कहा कि ‘हम सभी विपक्ष की पार्टियों को एक होना है और 2024 के चुनाव में मिलकर लड़ना है. इसी के तहत राहुल गांधी ने पहला कदम उठाया है। हमने सोचा है कि सभी पार्टियों के नेता से मिलकर बात करेंगे और आगे मिलकर कदम उठाएंगे।
हमें लोकतंत्र और संविधान को बचाने के लिए साथ मिलकर लड़ना होगा। उल्लेखनीय है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी के सदाकत आश्रम जाने के रास्ते में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पटना हाई कोर्ट के वकीलों ने उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत किया।
इस तरह की अन्य खबरों की जानकारी के लिए यहां क्लिक करें
Deprecated: File Theme without comments.php is deprecated since version 3.0.0 with no alternative available. Please include a comments.php template in your theme. in /home/u754392520/domains/dastakhindustan.in/public_html/wp-includes/functions.php on line 6114