संयुक्त राष्ट्र्, एजेंसी:- अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर बुधवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी संयुक्त राष्ट्र में योग सत्र का नेतृत्व करेंगे। यूएन मुख्यालय में नौवें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर दुनियाभर के राजनयिक एवं अन्य प्रतिष्ठित लोग भाग लेंगे।
नौ साल पहले संयुक्त राष्ट्र महासभा में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के लिए पैरवी करने वाले पीएम मोदी तब से पहली बार यूएन मुख्यालय में इस आयोजन के साक्षी बनेंगे।
पीएम मोदी अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन के निमंत्रण पर अमेरिका में अपनी पहली राजकीय यात्रा पर पहुंचे हैं। यूएन में भारत की स्थायी प्रतिनिधि रुचिरा कंबोज ने कहा कि इस बार संयुक्त राष्ट्र में योग दिवस का आयोजन विशेष होगा। पीएम मोदी की पहल पर ही पूरी दुनिया 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाती है। इस बार वह स्वयं यहां के कार्यक्रम का नेतृत्व करेंगे।
उल्लेखनीय है कि भारत की पहल पर दिसंबर, 2014 में संयुक्त राष्ट्र महासभा में 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाने का प्रस्ताव लाया गया था। इसे रिकार्ड 175 सदस्य देशों का समर्थन मिला था। जबलपुर में होगा मुख्य राष्ट्रीय आयोजनअंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर राष्ट्रीय स्तर का मुख्य आयोजन मध्य प्रदेश के जबलपुर में होगा। इसमें उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ भाग लेंगे।
केंद्रीय आयुष मंत्रालय व प्रदेश शासन के संयुक्त तत्वावधान में गैरिसन मैदान में कार्यक्रम आयोजित होगा, जहां 15 हजार लोग योग करेंगे। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आइएनएस विक्रांत पर योग कार्यक्रम का हिस्सा बनेंगे। सेना भी अपने विभिन्न केंद्रों पर योग दिवस का आयोजन करेगी। इसके अतिरिक्त सभी राज्यों में स्थानीय स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
यूएन मुख्यालय में सुबह आठ से नौ बजे तक योग सत्र का आयोजन उसी जगह होगा, जहां भारत से उपहार में गई महात्मा गांधी की प्रतिमा लगाई गई है। इसे पिछले साल दिसंबर में स्थापित किया गया था। कार्यक्रम में 180 से ज्यादा देशों के प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। यूएन के अतिरिक्त अन्य देशों में भी स्थानीय स्तर पर योग दिवस के भव्य आयोजन प्रस्तावित हैं।
Deprecated: File Theme without comments.php is deprecated since version 3.0.0 with no alternative available. Please include a comments.php template in your theme. in /home/u754392520/domains/dastakhindustan.in/public_html/wp-includes/functions.php on line 6114