Dastak Hindustan

कल होगी मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा, 5 दिसंबर को शपथ ग्रहण समारोह

महाराष्ट्र (मुंबई):- महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद मुख्यमंत्री पद के नाम पर लगातार चर्चा और बैठकों का दौर जारी है। कार्यवाहक मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने रविवार को सतारा में मीडिया से बातचीत के दौरान जानकारी दी कि महाराष्ट्र के नए मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा सोमवार को की जाएगी।एकनाथ शिंदे ने बताया कि महायुति गठबंधन में भाजपा शिवसेना और एनसीपी के बीच मजबूत तालमेल है। उन्होंने कहा हम गठबंधन में काम कर रहे हैं और कोई भी फैसला अकेले नहीं लेते। चुनाव में जनता ने हमें ऐतिहासिक जीत दिलाई है और विपक्ष को पूरी तरह नकार दिया।

कार्यवाहक मुख्यमंत्री ने अपने कार्यकाल के बारे में बताया कि उन्होंने पिछले ढाई साल में बिना किसी अवकाश के काम किया। उन्होंने कहा हमने हमेशा जनता की आवाज सुनी है। यह सरकार भी लोगों के हित में निर्णय लेगी। शिंदे ने बताया कि उन्होंने पार्टी नेतृत्व को बिना शर्त समर्थन दिया है और उनके फैसले को स्वीकार करेंगे। उन्होंने कहा हमारी सरकार के काम स्वर्ण अक्षरों में लिखे जाएंगे। यही वजह है कि जनता ने हमें ऐतिहासिक जनादेश दिया और विपक्ष को कोई मौका नहीं दिया।

भारतीय जनता पार्टी के महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने जानकारी दी कि नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह 5 दिसंबर को शाम 5 बजे दक्षिण मुंबई के आजाद मैदान में आयोजित किया जाएगा। इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल होंगे।

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के नतीजे 23 नवंबर को घोषित हुए थे। 280 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा ने 132 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी के रूप में जीत दर्ज की जबकि शिवसेना को 57 और एनसीपी को 41 सीटें मिलीं। इसके बावजूद मुख्यमंत्री पद के लिए नाम तय करने में महायुति को समय लगा। इससे स्पष्ट है कि महाराष्ट्र की राजनीतिक स्थिति को लेकर सभी की निगाहें कल की घोषणा और शपथ ग्रहण समारोह पर टिकी हैं।

शेयर करे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *