नई दिल्ली:- पूर्व उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू, अभिनेत्री वैजयंतीमाला बाली, अभिनेता कोनिडेला चिरंजीवी, सुलभ इंटरनेशनल के संस्थापक दिवंगत बिंदेश्वर पाठक, उच्चतम न्यायालय की पहली महिला न्यायाधीश दिवंगत एम. फातिमा बीवी और ‘बॉम्बे समाचार’ के मालिक होर्मुसजी एन. कामा सहित 132 प्रतिष्ठित शख्सियतों को पद्म पुरस्कार से सम्मानित किए जाने की बृहस्पतिवार को घोषणा की गई।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट किया, “उन सभी को बधाई जिन्हें पद्म पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। भारत विभिन्न क्षेत्रों में उनके योगदान को महत्व देता है। वे अपने असाधारण कार्यों से लोगों को प्रेरित करते रहें।”
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, 75वें गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती, ताइवान की कंपनी फॉक्सकॉन के अध्यक्ष यंग लियू, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता राम नाइक, दिवंगत अभिनेता विजयकांत, गायिका उषा उत्थुप और परोपकारी किरण नादर को भी प्रतिष्ठित नागरिक पुरस्कारों से सम्मानित करने की घोषणा की गई।