मुंबई (महाराष्ट्र):- वेटरन एक्टर और जाने-माने एंकर अन्नू कपूर एक बार फिर अपने बेबाक बयानों को लेकर सुर्खियों में हैं। हालांकि इस बार उनकी टिप्पणी ने सोशल मीडिया पर भारी हंगामा खड़ा कर दिया है और उन्हें आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है। हाल ही में एक पॉडकास्ट इंटरव्यू के दौरान, अन्नू कपूर ने अभिनेत्री तमन्ना भाटिया के बारे में बात करते हुए उनकी शारीरिक बनावट पर एक विवादित बयान दे डाला जिसे इंटरनेट यूजर्स ने ‘अश्लील’ करार दिया है।
शुभंकर मिश्रा के पॉडकास्ट में जब अन्नू कपूर से पूछा गया कि क्या उन्हें तमन्ना भाटिया पसंद हैं तो 70 वर्षीय अभिनेता ने मजाकिया लहजे में कहा, “माशा अल्लाह, क्या दूधिया बदन है।” इस ‘दूधिया बदन’ (Milky Body) वाली टिप्पणी ने सोशल मीडिया पर आग लगा दी है।
जैसे ही यह क्लिप वायरल हुई, नेटिज़न्स ने अन्नू कपूर को उनकी अभद्र टिप्पणी के लिए जमकर लताड़ना शुरू कर दिया। कई यूजर्स ने इसे एक वरिष्ठ कलाकार के लिए अशोभनीय और घटिया करार दिया है। एक यूजर ने लिखा, “अन्नू जी! आप एक वरिष्ठ कलाकार हैं, ऐसी अश्लील बातें आपको शोभा नहीं देतीं।” वहीं, एक अन्य यूजर ने गुस्से में टिप्पणी की “यह तो सीधे-सीधे यौन टिप्पणी है, इसे मज़ाक कैसे कहा जा सकता है? ‘अश्लील है ये’।” कई लोगों ने उन्हें उनकी उम्र का लिहाज करने और सार्वजनिक मंच पर महिलाओं के प्रति सम्मानजनक भाषा का इस्तेमाल करने की सलाह दी है।
हालांकि कुछ यूजर्स ने इसे हल्के-फुल्के मज़ाक के तौर पर भी लिया है लेकिन बड़े पैमाने पर लोग अन्नू कपूर के इस बयान की निंदा कर रहे हैं। गौरतलब है कि ‘दूधिया बदन’ का टैग तमन्ना भाटिया के साथ पहले भी जोड़ा जाता रहा है जिस पर अभिनेत्री पहले भी अपनी नाराज़गी व्यक्त कर चुकी हैं। उन्होंने सार्वजनिक रूप से कहा था कि वह इस तरह के लेबल को पसंद नहीं करतीं। ऐसे में अन्नू कपूर की यह टिप्पणी विवाद को और गहरा कर रही है क्योंकि यह एक ऐसे समय में आई है जब फिल्म इंडस्ट्री में महिलाओं के सम्मान और उनके प्रति सम्मानजनक व्यवहार की मांग जोर पकड़ रही है। इस विवाद पर अभी तक तमन्ना भाटिया की कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।






Deprecated: File Theme without comments.php is deprecated since version 3.0.0 with no alternative available. Please include a comments.php template in your theme. in /home/u754392520/domains/dastakhindustan.in/public_html/wp-includes/functions.php on line 6114